Last Updated:
Kurukshetra Azgar News: कुरुक्षेत्र के पिहोवा में जूस की दुकान पर ग्राहक के पैर पर 6 फीट लंबा और 10 किलो वजनी अजगर चढ़ गया. गनीमत रही कि किसी को नुकसान नहीं पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित बाहर निकालकर छोड़ दिया है.
हरियाणा के कुरुक्षेत्र के पिहोवा में जूस पीने पहुंचे एक ग्राहक के पैर पर अचानक 5-6 फीट लंबा अजगर चढ़ गया.
कुरुक्षेत्र. हरियाणा के कुरुक्षेत्र के पिहोवा में जूस पीने पहुंचे एक ग्राहक के पैर पर अचानक 5-6 फीट लंबा अजगर चढ़ गया. ग्राहक ने देखा कि उसे पहले तो पैर के नीचे किसी नरम तकिए जैसी चीज का अहसास हुआ. तभी पास खड़े व्यक्ति ने बताया कि उसके पैर के नीचे सांप है. यह सुनते ही युवक ने तुरंत पैर पीछे खींच लिया.
दुकान के अंदर करीब 10 किलो वजनी अजगर देखकर दुकानदार और वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. अजगर को पकड़ने के लिए दुकान के वर्करों ने कोशिश शुरू की, लेकिन वह दुकान के पिछले कोने में बने बिल के अंदर घुस गया. इसके बाद उसे निकालने के लिए बिल तक खोदना पड़ा.
घटना पिहोवा बस स्टैंड के पास एक जूस की दुकान की है. शाम 6 बजे गढ़ी सिंघा गांव निवासी मनजीत सिंह (40) दुकान पर जूस पीने आया था. इसी दौरान उसका पैर दुकान के अंदर घुस रहे अजगर पर पड़ गया. मनजीत के मुताबिक, वह कुछ समझ पाता, इससे पहले ही दुकान के बाहर खड़े एक व्यक्ति ने उसके पैर के नीचे सांप होने की बात कही. यह सुनकर उसने तुरंत पैर पीछे खींचा. इसके बाद उस व्यक्ति ने दुकानदार को आवाज लगाकर सांप के दुकान में घुसने की जानकारी दी. दुकानदार ने तुरंत अपने वर्करों को बुलाया.
दुकान के अंदर अजगर को देखकर वर्करों ने अंदाजा लगाया कि यह जहरीला सांप नहीं, बल्कि अजगर है. उन्होंने वन विभाग या स्नेक कैचर को बुलाए बिना खुद पकड़ने की कोशिश शुरू कर दी. हालांकि, अजगर दुकान के पिछले कोने में बने बिल में घुस गया.
वर्करों ने पहले उसे पीछे से पकड़कर बाहर खींचने की कोशिश की, लेकिन उसका ज्यादातर शरीर बिल के अंदर होने के कारण वह बाहर नहीं आया. इसके बाद अजगर को निकालने के लिए बिल के आसपास खुदाई शुरू की गई. करीब पौने घंटे तक दुकान के पिछले हिस्से में रेस्क्यू की कोशिश चलती रही. दो लोगों ने उसे पीछे से पकड़कर बाहर निकलाने की कोशिश की, लेकिन अजगर नहीं काबू में आया.
कपड़ा डालकर काबू किया, 10 किलो वजन था
बिल को खोदकर अजगर को बाहर निकालने का रास्ता बनाया गया. इसके बाद उसके ऊपर कपड़ा डालकर उसे काबू किया गया. पकड़े गए अजगर की लंबाई करीब 6 फुट और वजन लगभग 10 किलो बताया गया है. अजगर को दुकान से बाहर निकालने के बाद ड्रेन की पटरी के पास छोड़ दिया गया. घटना के दौरान ग्राहक, दुकानदार और वहां मौजूद लोग दहशत में आ गए थे.