Last Updated:
Latest Railway News : त्योहारी सीजन में रेलवे स्टेशनों पर भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने कई इंतजाम किए हैं. रेलवे प्लेटफॉर्म्स पर भीड़ बढ़ने से रोकने के लिए दिल्ली के कई रेलवे स्टेशनों पर आज, 3 नंवबर से प्लेटफॉर्म की बिक्री रोक दी गई है. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर स्थाई होल्डिंग एरिया बनाया गया है और पार्सल की बुकिंग भी बंद कर दी गई है.
त्योहारी सीजन में रेलवे स्टेशनों पर भीड़ बढ जाती है. (File Photo : Reuters)
नई दिल्ली. दिवाली, भाई दूज और छठ पर्व मनाने को लोग अपने घरों को जाने लगे हैं. इस वजह से दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई है. यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने स्टेशनों पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई कदम उठाए हैं. भीड़ नियंत्रण और भगदड़ जैसी किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों पर आज, 3 नवंबर से प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर रोक लगा दी गई है. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 16 के बाहर अजमेरी गेट की तरफ एक नया स्थायी यात्री होल्डिंग एरिया तैयार किया है. 5 नवंबर से 15 नवंबर तक नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और आनंद विहार टर्मिनल पर सभी प्रकार के पार्सल की लोडिंग और अनलोडिंग पर रोक रहेगी.
रेलवे ने दिल्ली के उन रेलवे स्टेशनों पर अस्थायी रूप से प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री रोक दी है, जहां बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और ओडिशा जैसे राज्यों में दिवाली, छठ और भाई दूज मनाने जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ पहुंचती है. नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, गाजियाबाद, आनंद विहार टर्मिनल रेलवे स्टेशन और आनंद विहार हॉल्ट पर 3 नवंबर से 14 नवंबर तक प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री बंद रहेगी.
इन लोगों को मिलेगी विशेष छूट
हिन्दुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट में उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) हिमांशु शेखर उपाध्याय के हवाले से बताया गया है कि प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर बैन आम लोगों के लिए है, लेकिन जरूरतमंद यात्रियों के परिजनों को परेशान नहीं होना पड़ेगा. बुजुर्गों, बीमार व्यक्तियों, दिव्यांगों, अशिक्षित और ऐसी महिला यात्रियों की सहायता के लिए आने वाले लोगों को प्लेटफॉर्म टिकट से जुड़े नियमों में उचित छूट दी जाएगी, जिन्हें ट्रेन तक पहुंचने में मदद की आवश्यकता है.
नई दिल्ली स्टेशन पर बना स्थायी होल्डिंग एरिया
भीड़ प्रबंधन के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 16 के बाहर अजमेरी गेट की तरफ एक नया स्थायी यात्री होल्डिंग एरिया तैयार किया है. इससे पहले तक त्योहारों पर अस्थायी टेंट लगाए जाते थे. यह नया एरिया स्टेशन के पास बने 6,000 वर्ग मीटर के यात्री सुविधा केंद्र के अतिरिक्त है. अजमेरी गेट की ओर से आने वाले यात्रियों को सीधे इस होल्डिंग एरिया में रोका जाएगा. यहां बैगेज स्कैनर और सुरक्षा जांच के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अतिरिक्त जवानों की तैनाती भी भीड़ को संभालने के लिए की गई है.