मिडिल ईस्ट में महासंग्राम? ईरान अब मैदान में उतारेगा नए और घातक हथियार, अमेरिका के खिलाफ लंबी जंग का ऐलान

मिडिल ईस्ट में महासंग्राम? ईरान अब मैदान में उतारेगा नए और घातक हथियार, अमेरिका के खिलाफ लंबी जंग का ऐलान


Last Updated:

मिडिल ईस्ट में बारूद का ढेर कभी भी फटने की कगार पर पहुंच गया है. ईरान के ताकतवर संगठन ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ ने अमेरिका को सीधी और खुली चुनौती देते हुए साफ कर दिया है कि जंग अभी खत्म नहीं हुई है. ईरानी सेना ने चेतावनी दी है कि यदि वॉशिंगटन ने आक्रामकता बढ़ाई, तो तेहरान न सिर्फ युद्ध का पूरा भूगोल बदल देगा, बल्कि अब तक छुपाकर रखे गए नए घातक हथियारों से ऐसे ठिकानों को निशाना बनाएगा जो अब तक महफूज रहे हैं.

Zoom

अमेरिका को ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड ने खुली और सीधी धमकी दी है. (एपी)

ईरान के ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका ने टकराव को और बढ़ाया, तो वह “युद्ध का भूगोल बदल देगा.” इस बीच ब्रिटिश सेना ने कहा कि सोमवार को एक टैंकर के होर्मुज जलडमरूमध्य पहुंचने पर एक ‘अज्ञात वस्तु’ उससे टकराई, जिससे चालक दल के दो सदस्य घायल हो गए. यहूदियों के सबसे पवित्र दिन ‘योम किपुर’ के मौके पर देश का अधिकतर हिस्सा बंद है, ऐसे में इजराइली सेना अलर्ट पर है.

ईरान के ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ के प्रवक्ता होसैन मोहेब्बी ने सोमवार को कहा, “युद्ध खत्म नहीं हुआ है.” उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका के साथ टकराव बढ़ता है, तो ईरान अपने हथियार, सैन्य रणनीति और लक्ष्य बदल लेगा. ईरानी सरकारी मीडिया में छपे एक बयान में मोहेब्बी ने कहा, “हम निश्चित रूप से युद्ध का भूगोल बदल देंगे। हम लड़ाई में नयी क्षमताओं वाले नए हथियार ज़रूर लाएंगे.”

उन्होंने कहा कि गार्ड ने लंबे समय तक चलने वाले युद्ध की तैयारी कर ली है. ‘इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग’ के अनुसार, प्रवक्ता ने कहा, “अब जरूरी नहीं है कि हमारे लक्ष्य पहले जैसे ही हों.” उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के ऐसे लक्ष्य हैं जिन पर अभी तक हमला नहीं किया गया है.

इस बीच ब्रिटेन ने कहा कि हूती हमलों का मुकाबला करने के लिए वह सऊदी अरब को हवाई ईंधन भरने की सुविधा देगा. ब्रिटिश प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम ने कहा कि ब्रिटेन, यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के हमलों का मुकाबला करने के लिए सऊदी अरब को सीमित सैन्य सहायता देने पर सहमत हो गया है.

विद्रोहियों और यमन की सऊदी-समर्थित सरकार के बीच लड़ाई फिर से शुरू होने के बाद हूती और सऊदी अरब ने एक-दूसरे पर हमले किए हैं. बर्नहैम ने सोमवार को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के कार्यक्रम के लिए उड़ान भरने से पहले पत्रकारों से कहा कि उन्होंने ‘रॉयल एयर फोर्स’ (आरएएफ) को सऊदी अरब के विमानों के लिए हवा में ईंधन भरने की सुविधा देने पर सहमति दी है.

यह समझौता कुछ हफ्तों के लिए है, लेकिन बर्नहैम ने कहा कि इसकी लगातार समीक्षा की जाएगी. ब्रिटेन के ‘यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स सेंटर’ ने बताया कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य पहुंचने पर एक टैंकर पर ‘अज्ञात चीज’ से हमला हुआ तथा इस हमले में चालक दल के दो सदस्यों को मामूली चोटें आईं.



Source link