Last Updated:
ग्वालियर के कमलाराजा अस्पताल में जुड़वा बेटियों को जन्म देने पर पति ने भर्ती पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया. पीड़िता के मुंह और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं. पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है.
सांकेतिक फोटो
मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले स्थित प्रसिद्ध कमलाराजा अस्पताल में मानवता और रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. अस्पताल के जच्चा-बच्चा वार्ड में भर्ती एक प्रसूता पर उसके ही पति ने धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. घटना का मुख्य कारण महिला द्वारा जुड़वा बेटियों को जन्म देना बताया जा रहा है, जिससे नाराज होकर आरोपी पति ने इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया. सर्जरी से डिलीवरी होने के बाद महिला अस्पताल के वार्ड में बेड पर स्वास्थ्य लाभ ले रही थी, तभी अचानक हुए इस हमले से पूरे अस्पताल परिसर में हड़कंप और चीख-पुकार मच गई. पीड़ित महिला की पहचान हजीरा क्षेत्र की रहने वाली पूजा के रूप में हुई है, जिसने बुधवार दोपहर कमलाराजा अस्पताल में ऑपरेशन के जरिए दो स्वस्थ जुड़वा बेटियों को जन्म दिया था.
बताया जाता है कि डिलीवरी के बाद पूजा को वार्ड में शिफ्ट किया गया था, जहां उसका पति उदयभान उससे मिलने पहुंचा. बेटियां पैदा होने की खबर से गुस्से में आकर उदयभान ने अचानक अपनी जेब से चाकू निकाला और अपनी ही पत्नी के चेहरे और शरीर के ऊपरी हिस्सों पर वार करने शुरू कर दिए. पीड़ित महिला को खून से लथपथ देखकर आसपास मौजूद परिजनों और अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों ने दौड़कर उसे बचाया और संभाला, जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया. घटना के तुरंत बाद अस्पताल प्रबंधन ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीड़ित महिला को आपातकालीन उपचार मुहैया कराया और मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी. घायल महिला पूजा ने अपने पति उदयभान के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उसने बताया कि बेटियों के जन्म से गुस्सा होकर उसके पति ने उस पर जानलेवा हमला किया.
इस वारदात के बाद अस्पताल में नवजात जुड़वा बेटियों और उनकी मां की सुरक्षा और स्वास्थ्य स्थिति पर डॉक्टर लगातार निगरानी रख रहे हैं, और दोनों नवजात बच्चियां फिलहाल सुरक्षित बताई जा रही हैं. इस घटना ने शासकीय अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और मुख्य द्वार पर होने वाली चेकिंग प्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर एक शख्स धारदार हथियार लेकर बेरोकटोक अस्पताल के संवेदनशील वार्ड तक कैसे पहुंच गया. मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार ने बताया कि पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर फरार आरोपी पति उदयभान की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है, और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.