Last Updated:
Burhanpur News: इच्छुक अभ्यर्थियों को 7 नवंबर 2026 तक अप्लाई करना होगा. संस्थान के अनुसार, इसी हफ्ते से प्रशिक्षण शुरू करने की तैयारी है. ट्रेनिंग के दौरान प्रतिभागियों को ज्वेलरी बनाने से संबंधित व्यावहारिक जानकारी और बारीकियां सिखाई जाएंगी ताकि वे प्रशिक्षण पूरा करने के बाद इस क्षेत्र में अपना काम शुरू कर सकें.
बुरहानपुर. मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में रोजगार की तलाश कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है. अब वे ज्वेलरी बनाने का हुनर सीखकर खुद का रोजगार शुरू कर सकते हैं. मध्य प्रदेश स्टार ग्रामीण रोजगार प्रशिक्षण संस्थान की ओर से महिलाओं और पुरुषों को ज्वेलरी बनाने का 14 दिवसीय निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा. खास बात यह है कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों के रहने और खाने की व्यवस्था भी संस्थान की ओर से निशुल्क की जाएगी. इससे जिले के ऐसे युवाओं और महिलाओं को लाभ मिलेगा, जो कोई नया हुनर सीखकर अपने पैरों पर खड़ा होना चाहते हैं.
लोकल 18 की टीम को केंद्र प्रभारी समा दास ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान की ओर से आयोजित इस प्रशिक्षण में 18 से 50 वर्ष तक की आयु के महिला और पुरुष शामिल हो सकते हैं. इच्छुक अभ्यर्थियों को 7 नवंबर तक आवेदन करना होगा. संस्थान के अनुसार, इसी सप्ताह से प्रशिक्षण शुरू करने की तैयारी है. प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ज्वेलरी बनाने से संबंधित व्यावहारिक जानकारी और बारीकियां सिखाई जाएंगी ताकि वे प्रशिक्षण पूरा करने के बाद इस क्षेत्र में अपना काम शुरू कर सकें.
आर्टिफिशियल ज्वेलरी का मिलेगा प्रशिक्षण
आज के समय में आर्टिफिशियल ज्वेलरी और डिजाइनर आभूषणों की मांग लगातार बनी हुई है. ऐसे में ज्वेलरी बनाने का प्रशिक्षण रोजगार का अच्छा माध्यम बन सकता है. महिलाएं घर से ही इस काम को शुरू कर सकती हैं. वहीं पुरुष भी इसे व्यवसाय के रूप में अपनाकर अपनी आमदनी का जरिया बना सकते हैं. समा दास ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य महिला और पुरुषों को रोजगार से जोड़ना और उन्हें हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भर बनाना है. संस्थान पिछले 10 वर्षों से इस दिशा में लगातार कार्य कर रहा है. विभिन्न प्रकार के रोजगारमूलक प्रशिक्षणों के माध्यम से लोगों को स्वरोजगार के लिए तैयार किया जा रहा है. यदि आप भी प्रशिक्षण लेना चाहते हैं, तो मोहम्मदपुरा स्थित कार्यालय में आपको आधार कार्ड, समग्र आईडी और दो पासपोर्ट साइज फोटो जमा करनी होंगी.
उन्होंने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे 7 नवंबर तक आवेदन कर इस निशुल्क प्रशिक्षण का लाभ उठाएं. प्रशिक्षण के माध्यम से सीखा गया हुनर भविष्य में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध करा सकता है.