MP CG News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो दोनों राज्यों की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट्स मिलेंगे. इसके अलावा आपको राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और अन्य काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का आज होगा भव्य समापन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह होंगे राज्योत्सव में मुख्य अतिथि
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का आज भव्य समापन होगा. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राज्योत्सव में मुख्य अतिथि होंगे. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समारोह की अध्यक्षता करेंगे. राज्य अलंकरण समारोह में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा. शाम 6 बजे से मुख्य मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे. शाम 6 से 6:30 बजे तक दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार लोकसंगीत की प्रस्तुति देंगे. शाम 6:30 बजे पद्मश्री उषा बारले अपनी विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति प्रस्तुत करेंगी. शाम 7 से रात 9 बजे तक राज्य अलंकरण समारोह आयोजित होगा. रात 9 बजे से बॉलीवुड गायक अभिजीत भट्टाचार्य संगीतमय प्रस्तुति देंगे. शिल्पग्राम में दोपहर 3 बजे से 10 सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शुरू होंगी. पंथी नृत्य, आदिवासी लोकसंगीत, कथक, भजन और सूफी गायन प्रमुख आकर्षण होंगे. रायपुर की आस्था भट्ट भजन गायन प्रस्तुत करेंगी. समापन समारोह नवा रायपुर के राज्योत्सव मैदान में होगा.
ED ने मारा छापा, पकड़ा 4600 करोड़ का अवैध विदेशी क्रिप्टो लेनदेन
4600 करोड़ का अवैध विदेशी क्रिप्टो लेनदेन मिलने पर भोपाल और बेंगलुरु में ED ने दबिश दी. फर्जी कंपनियों, विदेशी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म और डिजिटल करेंसी के सहारे रकम विदेश में ट्रांसफर हो रही थी. विदेश में रजिस्टर्ड कंपनियों का भारत से संचालन हो रहा था. बेंगलुरु की दो और एमपी की एक लोकेशन पर ED ने दबिश दी. RPFS टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ शिकायतों के बाद कार्रवाई हुई. कंपनी मेट्रेस और सेवर मनी नाम के प्लेटफॉर्म चला रही थी. इन्हीं प्लेटफॉर्म के जरिए सीमापार ट्रेडिंग और लेनदेन के आरोप हैं. USDT और USDC जैसे स्टेबलकॉइन के जरिए ट्रांजेक्शन हो रहे थे. सिंगापुर और दुबई के बीच ट्रांजेक्शन के सबूत मिले.
दीपावली से पहले छत्तीसगढ़ की महिलाओं को मिलेगा बड़ा उपहार
दीपावली से पहले छत्तीसगढ़ की महिलाओं को बड़ा उपहार मिलेगा. आज महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी होगी. राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राशि का अंतरण करेंगे. 67 लाख 40 हजार 410 महिलाओं के खातों में सहायता राशि पहुंचेगी. महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये अंतरित होंगे. नियद नेल्ला नार कैंप क्षेत्र की 6908 महिलाओं को 13वीं किस्त मिलेगी. अब तक 32 किस्तों में महिलाओं को 20,717.87 करोड़ रुपये मिल चुके हैं. 33वीं किस्त के बाद कुल सहायता राशि बढ़कर 21,350.50 करोड़ रुपये हो जाएगी.
राजधानी भोपाल में बीजेपी का बड़ा शक्ति प्रदर्शन
राजधानी भोपाल में 4 नवंबर को बीजेपी का बड़ा शक्ति प्रदर्शन होगा. इंदौर और जबलपुर के बाद भोपाल में ‘लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ’ पदयात्रा होगी. भोपाल-नर्मदापुरम संभाग की हर विधानसभा से 10-10 हजार लोग जुटेंगे. 1200 बसों और 2000 चौपहिया गाड़ियों से कार्यकर्ता पहुंचेंगे. सीएम मोहन यादव और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह प्रमुख रूप से शामिल होंगे. पदयात्रा कल सुबह 10 बजे अटल पथ से शुरू होगी.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह 9.10 बजे दिल्ली से रायपुर लौटेंगे और सीएम निवास जाएंगे. वह 2.15 बजे रायपुर एयरपोर्ट पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत करेंगे. 3.10 बजे आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल का लोकार्पण करेंगे. मुख्यमंत्री शाम 4.55 बजे गृह मंत्री अमित शाह के साथ नवा रायपुर जाएंगे. वहां वह विकसित भारत संकल्प पार्क (पीपल वन) के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे. सीएम शाम 6 से 8 बजे तक राज्योत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे.