Last Updated:
Balod Food News: बालोद के पोस्ट ऑफिस के पास सन्नी ढीमर का एग रोल सेंटर सर्दियों में नॉनवेज प्रेमियों का पसंदीदा अड्डा बन जाता है. 19 साल पहले 5000 रुपये से शुरू हुए इस व्यवसाय में आज रोजाना 270 अंडों के एग रोल और 10 किलो चिकन चिल्ली की खपत होती है. स्वाद और साफ-सफाई के चलते शाम होते ही ग्राहकों की भीड़ जुटने लगती है.
बालोद. छत्तीसगढ़ के बालोद में जैसे-जैसे सर्दी बढ़ रही है, वैसे-वैसे गरमागरम एग रोल और चिकन चिल्ली के शौकीनों की भीड़ भी बढ़ने लगी है. ठंडी शाम में इन व्यंजनों का स्वाद लेने के लिए लोग सन्नी ढीमर के एग रोल सेंटर पहुंच रहे हैं. पोस्ट ऑफिस के पास में लगने वाली इस दुकान की कहानी दिलचस्प है. कभी महज 5000 रुपये से शुरू हुआ व्यवसाय आज सर्दियों में रोजाना सैकड़ों अंडों और कई किलो चिकन की खपत तक पहुंच गया है.
सन्नी ढीमर लोकल 18 को बताते हैं कि उन्होंने करीब 19 साल पहले किराये के ठेले और जरूरी सामान के साथ एग रोल बनाने का काम शुरू किया था. शुरुआत में उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा. उस समय एक एग रोल की कीमत सिर्फ 7 रुपये थी. धीरे-धीरे ग्राहकों की संख्या बढ़ी और उनके स्वाद को पहचान मिलने लगी. समय के साथ महंगाई और लागत बढ़ने से कीमतों में भी बदलाव आया. आज उनकी दुकान पर सिंगल अंडे का एग रोल 35 रुपये और डबल अंडे का एग रोल 50 रुपये में मिलता है.
सन्नी के मुताबिक, ठंड का मौसम आते ही एग रोल और चिकन चिल्ली की मांग तेजी से बढ़ जाती है. इन दिनों उनकी दुकान पर रोजाना करीब 9 कैरेट अंडों की खपत होती है. एक कैरेट में 30 अंडे होते हैं, यानी प्रतिदिन करीब 270 अंडों से एग रोल तैयार किए जाते हैं. इसके अलावा रोजाना लगभग 10 किलो चिकन चिल्ली भी बनाया जाता है. यही वजह है कि सर्दियों में दुकान पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ जाती है.
बालोद में कई एग रोल सेंटर होने के बावजूद सन्नी की दुकान की खास पहचान उसके स्वाद और साफ-सफाई को लेकर है. यहां 5 से 7 लोग मिलकर एग रोल और चिकन चिल्ली बनाने से लेकर ग्राहकों को संभालने तक का काम करते हैं. शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक दुकान पर नॉनवेज प्रेमियों का जमावड़ा लगा रहता है. सन्नी के छोटे निवेश से शुरू किया गया यह व्यवसाय लगातार मेहनत, बेहतर स्वाद और ग्राहकों के भरोसे से बालोद में बड़ी पहचान बना चुका है. 19 साल का संघर्ष आज उनकी सफलता की कहानी बयां कर रही है.