‘तुम मेरी नहीं हो सकीं, तो किसी की नहीं होने दूंगा’, स्टूडेंट से शादी की जिद पर अड़ा सनकी टीचर, पीड़िता ने कराई FIR

‘तुम मेरी नहीं हो सकीं, तो किसी की नहीं होने दूंगा’, स्टूडेंट से शादी की जिद पर अड़ा सनकी टीचर, पीड़िता ने कराई FIR


Last Updated:

Motihari News: मोतिहारी में एक छात्रा ने पुरानी कोचिंग के टीचर पर गंभीर आरोप लगाए. छात्रा का आरोप है कि टीचर उस पर जबरन शादी का दवाब बना रहा है. साथ ही उसका किडनैप करने और कहीं शादी नहीं होने देने की धमकी दे रहा है. छात्रा ने आरोप लगाया कि बीते दिनों टीचर ने रास्ते में उससे जबरदस्ती करने की कोशिश भी की है. ऐसे में वह पुलिस न्याय की गुहार लगा रही है.

Zoom

आरोप है कि सनकी टीचर छात्रा पर शादी का दवाब बना रहा है.

मोतिहारीः ‘तुम अगर मेरी नहीं हुईं तो हम तुम्हें किसी और का भी नहीं होने देंगे. तुम्हें जहां जाना है जाओ, मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा.’ ये किसी फिल्म का संवाद नहीं, बल्कि चकिया थाना इलाके की एक बीए की छात्रा ने निजी कोचिंग संस्थान के शिक्षक पर आरोप लगाए हैं. छात्रा का आरोप है कि शादी से इनकार करने के बाद शिक्षक उसे लगातार परेशान कर रहा है. अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन और मैसेज कर न केवल उसे, बल्कि उसके माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों को भी धमकियां दे रहा है.

जबरन रेप की कोशिश
आरोप है कि विरोध करने पर उसे जबरन शादी करने, अपहरण करने, करियर बर्बाद करने और कहीं दूसरी जगह शादी नहीं होने देने की धमकी दी जा रही है. हद तो तब हो गई, जब कॉलेज से घर लौटने के दौरान आरोपी ने बांसघाट पुल के समीप उसे घेर लिया. उसके साथ जबरन दुष्कर्म करने का प्रयास किया. छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोग और उसके पिता मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला. मामले में पीड़िता ने चकिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. अब वह पुलिस-प्रशासन से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगा रही है.

कोचिंग में हुआ था टीचर से कांटेक्ट
पीड़िता ने आपबीती बताते हुए कहा कि वह तीन साल पहले चकिया थाना क्षेत्र के पूरन छपरा स्थित चैतन्य विद्यालय में संचालित अभ्यास कोचिंग क्लास में मैट्रिक की तैयारी करती थी. उस समय नेसार आलम नाम का व्यक्ति वहां शिक्षक था. छात्रा का आरोप है कि शिक्षक की उस पर गलत नजर थी, लेकिन उस समय उसे इसकी जानकारी नहीं हो सकी. मैट्रिक की पढ़ाई पूरी कर कोचिंग से निकलने के बाद आरोपी ने किसी तरह व्हाट्सएप ग्रुप से उसका मोबाइल नंबर हासिल कर लिया. इसके बाद पढ़ाई के संबंध में जानकारी लेने के बहाने फोन करना शुरू किया.

परिवार को भी देता है धमकियां
शुरुआत में छात्रा ने इसे सामान्य बातचीत समझा, लेकिन कुछ दिनों बाद आरोपी ने उस पर शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया. छात्रा ने जब इसका विरोध किया और शादी से साफ इनकार कर दिया तो कथित शिक्षक ने उसके परिवार को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया. पीड़िता के अनुसार, माता-पिता, भाई-बहन, दादा और अन्य रिश्तेदारों के मोबाइल पर अलग-अलग नंबरों से फोन और मैसेज भेजकर धमकियां दी जाने लगीं. आरोपी कथित तौर पर उसे अपहरण करने, उसका करियर बर्बाद करने और कहीं दूसरी जगह शादी नहीं होने देने की धमकी देने लगा.

पंचायत में मान ली थी गलती
पीड़िता ने बताया कि आरोपी की लगातार हरकतों से परेशान होकर परिवार और समाज के लोगों के स्तर पर मामले को सुलझाने का प्रयास किया गया था. इसी क्रम में पंचायत बुलाई गई थी. इसमें आरोपी के भाई इस्तेखार अंसारी और शहीद राजा भी मौजूद थे. पीड़िता का कहना है कि पंचायत में पंचों के सामने आरोपी पक्ष की ओर से गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी गई थी. साथ ही भविष्य में इस तरह की घटना नहीं होने का भरोसा भी दिलाया गया था. परिवार को उम्मीद थी कि पंचायत के बाद आरोपी अपनी हरकतों से बाज आएगा और छात्रा को परेशान करना बंद कर देगा. लेकिन पीड़िता का आरोप है कि पंचायत के बाद भी धमकी और दबाव का सिलसिला नहीं थमा.

एसपी से गुहार लगा चुकी है छात्रा
छात्रा ने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर वह एसपी स्वर्ण प्रभात से भी न्याय की गुहार लगा चुकी है. इसके बावजूद उसे अब तक राहत नहीं मिलने का आरोप लगाया है. पीड़िता के अनुसार, आरोपी उसे धमकी देता है कि जहां जाना है जाओ, उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता. इसी बात से वह और उसका परिवार भयभीत हैं. मामले में चकिया थानाध्यक्ष धर्म प्रकाश ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच की जा रही है.



Source link