Last Updated:
‘रामायण’ की रिलीज में महज 2 दिन बचे हैं. बरसों लंबा इंतजार अब आखिरकार खत्म होने जा रहा है. नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ दिवाली के शुभ अवसर पर 5 नवंबर को थिएटर्स में रिलीज होने जा रही है. फिल्म की रिलीज से पहले मेकर्स ने पाइरेसी के खिलाफ एक्शन की मांग उठाई थी और उन्हें बॉम्बे हाईकोर्ट में बड़ी जीत मिली है. थिएटर्स से फिल्म को रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर शेयर करनेवालों की अब खैर नहीं. बॉम्बे हाईकोर्ट ने फिल्म को गैर कानूनी तरीके से शेयर करने पर रोक लगा दी है.
‘रामायण’ की रिलीज से पहले मेकर्स ने बड़ी जीत हासिल की.
नई दिल्ली. नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह है. फिल्म दिवाली के मौके पर इस शुक्रवार, 5 नवंबर को रिलीज होने जा रही है. नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बन रही इस महाकाव्य को रिलीज से पहले बॉम्बे हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है. पाइरेसी के बढ़ते खतरे को देखते हुए मेकर्स ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जहां उन्हें बड़ी जीत मिली है.
बॉम्बे हाईकोर्ट ने ‘रामायण’ के मेकर्स के पक्ष में फैसला लेते हुए फिल्म को गैरकानूनी तरीके से रिकॉर्ड करने, अपलोड करने और ऑनलाइन स्ट्रीमिंग करने पर रोक लगाने के लिए अंतरिम आदेश जारी किया है. कोर्ट ने अज्ञात लोगों के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को भी कॉपीराइट उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. यह फैसला फिल्म की 5 नवंबर को होने वाली वर्ल्डवाइड रिलीज से पहले आया है.
‘रामायण’ मेकर्स को मिली बड़ी जीत
कोर्ट ने निर्देश देते हुए कहा कि अगर ‘रामायण’ की कंपनी गॉडपावर मीडिया प्राइवेट लिमिटेड सोशल मीडिया वेबसाइट्स और इंटरनेट प्रोवाइडर्स को नोटिस देती है तो उन्हें भी कंटेंट डिलीट करना होगा. जस्टिस माधव ने कंपनी को ऐसे यूआरएल और वेबसाइट्स की पहचान करने को कहा जिनपर फिल्म का कंटेंट और क्लिप बिना परमिशन के शेयर हो रहे हैं.
बिना परमिशन नहीं शेयर होगी रामायण की क्लिप
जस्टिस माधव जामदार ने गॉडपावर मीडिया प्राइवेट लिमिटेड की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया. कंपनी ने कोर्ट में दावा किया कि उसके पास फिल्म के कॉपीराइट और भारत समेत अन्य फील्ड में इसके व्यावसायिक इस्तेमाल से जुड़े अधिकार हैं. कंपनी ने फिल्म की स्क्रिप्ट, किरदारों, फुटेज, गानों और साउंड रिकॉर्डिंग सहित इससे जुड़ी सभी कॉपीराइट कंटेंट को सुरक्षा देने की मांग की.
याचिका में कंपनी ने बताया कि फिल्म के एक्सक्लूसिव प्रीव्यू की स्क्रीनिंग के दौरानगोपनीयता बनाए रखने के लिए सख्त समझौते किए गए थे. इसके बावजूद आरोप है कि दोनों ट्रेलर की फुटेज सीक्रेट तरीके से रिकॉर्ड करके ऑनलाइन शेयर की गई. मेकर्स को आशंका थी कि अगर रिलीज से पहले ऐसा हो सकता है, तो सिनेमाघरों में फिल्म रिलीज होने के बाद भी इसके सीन रिकॉर्ड करके इंटरनेट पर अपलोड किए जा सकते हैं.