Last Updated:
Jhansi News: झांसी में श्मशान घाट के गेट पर ताला लगाकर चौकीदार शादी में भोज खाने निकल गया. इस दौरान करीब तीन घंटे तक श्मशान बंद रहा. वहां अंतिम संस्कार कराने पहुंचे लोगों ने हंगामा कर दिया. करीब तीन घंटे बाद चौकीदार के लौटने पर अंतिम संस्कार किया गया.
तीन घंटे बंद रहा श्मशान घाट का ताला (एआई की मदद से बनाई गई तस्वीर)
झांसी: झांसी के श्मशान घाट पर एक अजीब नजारा देखने को मिला. जहां अपनों के गुजर जाने के बाद परिजन दुख में रहते हैं, मगर यहां श्मशान घाट के चौकीदार की लापरवाही से और भी ज्यादा दुख उठाना पड़ा. दरअसल, जब परिवार वाले शव लेकर श्मशान घाट पहुंचे तो गेट पर ताला लटका हुआ था. आसपास के लोगों ने बताया कि चौकीदार शादी में भोज खाने गया है. कुल तीन घंटे के इंतजार के बाद गार्ड वापस लौटा तब जाकर दाह-संस्कार हो पाया.
हंगामे बढ़ने पर स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दिया. सूचना पर सीपरी बाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. हंगामा कर रहे लोगो को शांत कराने की कोशिश की. लेकिन, आक्रोशित लोग पुलिस की सुनने को तैयार नहीं थे. उनका कहना था कि परिवार के लोगों ने सूचना दी थी कि वे लोग दाह संस्कार के लिए आने वाले है. इसके बावजूद चौकीदार श्मशान में ताला लगाकर शादी में निकल गया.
पुलिस ने हंगामा कराया शांत
हंगामा बढ़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया. पुलिस के वरीय अधिकारियों के समझाने के बाद परिजन शांत हुए. परिजन के शांत होने पर चौकदार को शादी से बुलवाया गया. चौकीदार के पहुंचने के बाद श्मशान का ताला खुलवाकर दाह संस्कार की प्रक्रिया शुरु की गई. जिसके बाद परिजनों ने शव का दाह संस्कार किया. मामले को लेकर मृतक के परिजन संतोष अहिरवार ने पुलिस को बताया कि वे लोग थाना क्षेत्र के लहरगिर्द के रहने वाले है.
पत्नी थी गर्भवती, अस्पताल जाने के दौरान हुई मौत
उन्होनें बताया कि उनकी शादी 13 साल पहले 33 वर्षीय पूनम से हुई थी. उनके दो बच्चे है. एक बेटा 12 वर्षीय समर और दूसरा 7 वर्षीय अधर्व हैं. पत्नी का नाम पूनम था. वह गर्भवती थी. उसे अचानक पेट में दर्द शुरू होने लगा था. उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जहां इलाज के दौरान उन्होंने एक पुत्र को जन्म दिया. लेकिन, उनकी हालत बिगड़ गई. उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे बड़े अस्पताल में रेफर किया गया था. लेकिन, रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई. उन्हें वापस झांसी स्थित आवास लाया गया. वहां से श्मशान घाट के चौकीदार को सूचना दे दी गई थी. लेकिन, जब वे लोग श्मशान पहुंचे तो देखा कि गेट पर ताला लटका हुआ है.
क्या बोले थानेदार?
परिवार के हंगामा करने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने पता करके चौकीदार से बात की और मौके पर बुलाया. स्थानीय थाने के प्रभारी जेपी चौबे ने बताया इस मामले पहल किया और परिजनों को शांत कराया. उन्होंने चौकीदार को बुलवाकर महिला का दाह संस्कार कराया.