Last Updated:
Public Opinion: सहारनपुर शुरू से ही बसपा का गढ़ रहा है और यहां से चार बार की मुख्यमंत्री रही मायावती हरोड़ा विधानसभा से चुनाव लड़ चुकी हैं और चुनाव जीत भी चुकी हैं. मगर आज स्थिति ऐसी है कि बसपा के गढ़ के साथ-साथ पूरे प्रदेश में आज बसपा का एक विधायक नहीं है. वहीं आकाश आनंद के रैली के बाद जब हमने जनसभा में पहुंचे लोगों से बातचीत की तो उन्होंने अपनी अलग-अलग राय रखी.
सहारनपुर: विधानसभा चुनाव की तैयारी सभी पार्टी कर रही है और आज उसी कड़ी में बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद सहारनपुर में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे. जहां पर उन्होंने सत्ता में काबिज भारतीय जनता पार्टी सहित कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी जोरदार निशान साधा. वहीं आकाश आनंद के जाने के बाद जब हमने जनसभा में पहुंचे लोगों से बातचीत की तो उन्होंने अपनी अलग-अलग राय रखी.
दरअसल सहारनपुर शुरू से ही बसपा का गढ़ रहा है और यहां से चार बार की मुख्यमंत्री रही मायावती हरोड़ा विधानसभा जिसको आज देहात विधानसभा के नाम से जाना जाता है, दो बार चुनाव लड़ चुकी हैं और चुनाव जीत भी चुकी हैं. साथ ही चुनाव जीतने के बाद मुख्यमंत्री भी बनी हैं. लेकिन आज स्थिति ऐसी है कि बसपा के गढ़ के साथ-साथ पूरे प्रदेश में आज बसपा का एक विधायक नहीं है. बसपा किस तरीके से अपने वजूद को एक बार फिर से बचा पाएगी और क्या मायावती सहारनपुर से चुनाव लड़ेगी, उसको लेकर हमने लोगों से उनकी राय जानी.
कार्यकर्ताओं की कमी के कारण पार्टी की ऐसी स्थिति
इंद्रपाल ने लोकल 18 से बात करते हुए बताया कि आज की जनसभा जिसको आकाश आनंद संबोधित करने पहुंचे थे, उनके आने से यहां पर बसपा की स्थिति को मजबूती मिलेगी और बहन जी के हाथों को हम लोग मजबूती प्रदान करने का काम करेंगे. साथ ही पार्टी पहले जिस पूरे दम-खम से चुनाव लड़ती थी और मायावती जी मुख्यमंत्री बनती थी, हमारे कार्यकर्ताओं की कमी के कारण आज पार्टी की स्थिति ऐसी है. मगर इस बार पार्टी की स्थिति सुधारने का काम होगा और फिर से सहारनपुर से बहुजन समाज पार्टी के जितने भी प्रत्याशी हैं, उन्हें जिताने का काम किया जाएगा.
2027 में बसपा को जीत का भरोसा
अरुण कुमार ने लोकल 18 से बात करते हुए बताया कि आज 2 नवंबर का जो कार्यक्रम हुआ है, इस कार्यक्रम को देखने के बाद भाजपा को नींद नहीं आएगी. इस कार्यक्रम को देखकर लगता है कि इस बार 2027 के चुनाव में हमारी सरकार बनने जा रही है. जबकि आज की सरकार में पढ़े-लिखे लोग बेरोजगार हैं और सभी लोग परेशान हैं. आज मायावती जी सत्ता में नहीं हैं और उनका एक भी विधायक नहीं है, बस समय-समय की बात है.
बसपा कार्यकर्ता ने किया CM से PM बनने तक का दावा
कुलबीर सिंह ने लोकल 18 से बात करते हुए बताया कि आज सर्व समाज बहन जी के लॉयन ऑर्डर, बहन जी के विकास कार्यों को, बहन जी की शासन प्रणाली को फिर से याद कर रहा है और बस यह इंतजार है कि किसी समय चुनाव हो और हम हाथी वाला बटन दबाकर पांचवीं बार बहन जी को मुख्यमंत्री बनाएं और 2029 में देश का प्रधानमंत्री बनाने जा रहे हैं. आज भी बहन जी का हर एक सीट पर 70000 तक का वोट है. वह किसी भी सीट में कन्वर्ट हो या ना हो, लेकिन आज भी बहन जी के पास 20% जनता का चट्टान उनके पीछे खड़ा हुआ है.