Last Updated:
Bhojpur News: बिहार के आरा में पति-पत्नी के रिश्ते को झकझोर देने वाला मामला सामने आया. यहां एक महिला पर उसके पति ने कैंची से जानलेवा हमला कर दिया. महिला का दावा है कि उस पर 170 से अधिक बार वार किए गए. बुरी तरह घायल महिला ने किसी तरह अपनी जान बचाई. उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
सांकेतिक तस्वीर.
भोजपुरः बिहार के भोजपुर से दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई. जहां एक महिला पर उसके पति ने कैंची से हमला कर दिया. उसने लगातार 170 से ज्यादा बार महिला की गर्दन और सीने पर वार किए. गंभीर रूप से घायल 26 वर्षीय राखी देवी अस्पताल में इलाज करा रही हैं. उन्होंने अपने पति पंकज कुमार ठाकुर पर हमला करने का आरोप लगाया. राखी ने सरकार से आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है.
शक और झगड़े के बीच बिगड़ते चले गए रिश्ते
राखी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जमीरा गांव की रहने वाली हैं. उनकी शादी जून 2019 में पंकज कुमार ठाकुर से हुई थी. दोनों के दो बच्चे हैं. बेटा अभिराज तीन साल का और बेटी परी दो साल की है. राखी के मुताबिक, शादी के बाद कुछ बातों को लेकर पति उनसे शक करने लगे थे. वह उनके और अपने बड़े भाई राजा बाबू उर्फ बंकु के रिश्ते को लेकर सवाल उठाते थे. राखी ने इन आरोपों को गलत बताया. उनका कहना है कि इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था.
बच्चों को लेकर मायके चली गई थीं राखी
राखी ने बताया कि घटना से पहले भी पंकज ने उनके साथ मारपीट की थी और जान से मारने की धमकी दी थी. इसके बाद उन्होंने अपने पिता मनोज ठाकुर को फोन कर पूरी बात बताई. पिता की सलाह पर वह 15 अक्टूबर को दोनों बच्चों को लेकर अपने मायके जमीरा चली गईं. राखी के अनुसार, घटना से करीब एक सप्ताह पहले पंकज मायके पहुंचे. उन्होंने अपनी हालत ठीक नहीं होने की बात कही और परिवार के लोगों से माफी मांगी. इसके बाद राखी बच्चों के साथ वापस आ गईं. परिवार ने पंकज का सीटी स्कैन भी कराया था.
रात में मोबाइल को लेकर हुआ विवाद
राखी का आरोप है कि घटना वाली रात करीब दो बजे पंकज मोबाइल हैक होने की बात कहकर उनसे झगड़ने लगे. उन्होंने अपने ससुर को बुलाकर मोबाइल भी चेक कराया. इसके कुछ देर बाद पंकज ने कैंची से उन पर हमला कर दिया. राखी के मुताबिक, उन्होंने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन गंभीर रूप से घायल हो गईं. बाद में उनके ससुर और परिवार के दूसरे सदस्य उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे.
दो छोटे बच्चों की मां ने मांगा इंसाफ
अस्पताल में भर्ती राखी ने आरोपी पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि उनके दो छोटे बच्चे हैं और अब उनकी परवरिश की जिम्मेदारी परिवार संभालेगा. राखी का कहना है कि उन्हें इंसाफ चाहिए और आरोपी को उसके किए की सजा मिलनी चाहिए. फिलहाल राखी का इलाज चल रहा है. इस मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच से जुड़ी आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी.