बोकारो BGH में नवजात बच्ची की कीमत 2 लाख रुपये? बोकारो अस्पताल में वसूली और बच्चा बेचने के आरोप से हड़कंप

बोकारो BGH में नवजात बच्ची की कीमत 2 लाख रुपये? बोकारो अस्पताल में वसूली और बच्चा बेचने के आरोप से हड़कंप


Last Updated:

Bokaro News: बोकारो जनरल हॉस्पिटल यानी बीजीएच एक बार फिर गंभीर आरोपों के चलते सुर्खियों में आ गया है. अस्पताल के स्टाफ पर नॉर्मल डिलीवरी के नाम पर 40 हजार रुपये मांगने और एक नवजात बच्ची को 2 लाख रुपये में बेचने का ऑफर देने का गंभीर आरोप लगा है. इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन और बीएसएल प्रबंधन हरकत में आ गया है और सेक्टर-4 थाना पुलिस को मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

Zoom

सेक्टर-4 थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने जानकारी साझा की.

बोकारो. झारखंड का बोकारो जनरल हॉस्पिटल (BGH) में नॉर्मल डिलीवरी के नाम पर 40 हजार रुपये मांगने और नवजात बच्ची को 2 लाख रुपये में बेचने का ऑफर देने का गंभीर आरोप लगा है. मामले से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन और बोकारो स्टील प्रबंधन हरकत में आ गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. फिलहाल पीड़ित मां और बच्ची को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

बताया जाता है कि बोकारो के सर्कस मैदान निवासी मनोज कुमार बाउरी की पत्नी सोनी कुमारी 29 अक्टूबर से बोकारो जनरल हॉस्पिटल में भर्ती थीं. परिजनों के अनुसार, 30 अक्टूबर की शाम उनकी नॉर्मल डिलीवरी हुई और एक बच्ची का जन्म हुआ. इसके बाद अस्पताल के स्टाफ पर डिलीवरी के नाम पर पैसे मांगने का आरोप लगा है. पीड़ित पिता मनोज कुमार बाउरी का कहना है कि अस्पताल के कर्मचारियों ने पहले 40 हजार रुपये की मांग की. विरोध करने पर रकम घटाकर 21 हजार और फिर 15 हजार रुपये कर दी गई. परिजनों ने 10 हजार रुपये जमा भी कर दिए थे. इसके बाद दोबारा फोन कर 10 हजार रुपये देने का दबाव बनाया जाने लगा.

नवजात बच्ची को 2 लाख रुपये में बेचने का ऑफर देने का आरोप

मनोज कुमार बाउरी ने अस्पताल के एक सफाई कर्मचारी और तीन नर्सों पर उनकी नवजात बच्ची को 2 लाख रुपये में बेचने का प्रस्ताव देने का आरोप लगाया है. उनके अनुसार, दंपति की पहले से दो बेटियां थीं. तीसरी बेटी के जन्म के बाद बच्ची के भरण-पोषण का हवाला देकर उसे बेचने की बात कही गई. मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है. इसमें पीड़ित सोनी कुमारी अस्पताल में बच्चों को बेचने के लिए कागजात तैयार किए जाने की बात कहती नजर आ रही हैं. वीडियो में अस्पताल से पहले भी बच्चों को बेचे जाने का दावा किया गया है.

वायरल वीडियो के बाद प्रशासन और पुलिस हरकत में

वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए चास एसडीएम प्रांजल ढांडा ने जांच के निर्देश दिए हैं. सेक्टर-4 थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है. थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल जांच में इस तरह की कोई बात सामने नहीं आई है. बोकारो स्टील प्रबंधन भी मामले को गंभीरता से ले रहा है. पीड़ित मां और बच्ची को फिलहाल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अस्पताल के कर्मचारियों पर लगे आरोपों की सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी.



Source link