Bihar Board Dummy Admit Card 2027: बिहार बोर्ड ने जारी किए 10वीं-12वीं के डमी एडमिट कार्ड, 7 नवंबर तक करवा सकते हैं सुधार

Bihar Board Dummy Admit Card 2027: बिहार बोर्ड ने जारी किए 10वीं-12वीं के डमी एडमिट कार्ड, 7 नवंबर तक करवा सकते हैं सुधार


नई दिल्ली (Bihar Board Dummy Admit Card 2027). बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के लिए डमी एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं. मुख्य परीक्षा के समय नाम, स्पेलिंग या जन्मतिथि जैसी छोटी-छोटी गलतियां भारी स्ट्रेस का कारण बन जाती हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए बिहार बोर्ड ने साल 2027 की मैट्रिक (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षाओं के लिए डमी एडमिट कार्ड पहले ही जारी कर दिए हैं. इससे समय रहते हर गलती को दुरुस्त किया जा सकता है.

बिहार बोर्ड का यह कदम एग्जाम सिस्टम में ट्रांसपेरेंसी लाने की दिशा में सराहनीय पहल है. इस बार बिहार स्कूल शिक्षा बोर्ड ने करेक्शन के लिए 1 नवंबर से लेकर 7 नवंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया है. अगर आपके बिहार बोर्ड परीक्षा 2027 फॉर्म में कोई गड़बड़ी है तो एक भी दिन गंवाए बिना इस मौके का फायदा उठा लें. इसमें देरी न करें. बिहार बोर्ड डमी एडमिट कार्ड 2027 exam.biharboardonline.org और intermediate.biharboardonline.com पर उपलब्ध हैं.

बिहार बोर्ड ने जारी किए 10वीं-12वीं के डमी एडमिट कार्ड

बिहार बोर्ड की गाइडलाइंस के मुताबिक, मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए जारी किए गए डमी एडमिट कार्ड में ऑनलाइन सुधार की विंडो 1 नवंबर 2026 से एक्टिव हो चुकी है. यह सुविधा 7 नवंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी. इस हिसाब से स्टूडेंट्स के पास कुल 1 हफ्ते का समय है. इसमें वे अपने स्कूल के माध्यम से एडमिट कार्ड में गलतियां सुधरवा सकते हैं. ध्यान रहे कि यह तय डेडलाइन बेहद सख्त है. इसलिए लास्ट डेट का इंतजार किए बिना तुरंत अपने डॉक्यूमेंट्स चेक कर लें.

BSEB Dummy Admit Card 2027: बिहार बोर्ड के डमी एडमिट कार्ड में दर्ज डिटेल्स अच्छी तरह से चेक कर लें

बिहार बोर्ड परीक्षा के डमी एडमिट कार्ड में क्या चेक करें?

बिहार बोर्ड डमी एडमिट कार्ड 2027 डाउनलोड करने के बाद बहुत ही बारीकी से अपनी डिटेल्स का मिलान करें. इसमें मुख्य रूप से अपना नाम, माता-पिता के नाम की स्पेलिंग, जन्मतिथि, कैटेगरी, लिंग (Gender), विषय, फोटो और हस्ताक्षर शामिल हैं. बिहार बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अगर इनमें से किसी भी स्पेलिंग में मामूली सी भी गलती मिलती है तो उसे तुरंत ठीक कराया जाना चाहिए. इससे भविष्य में मार्कशीट या सर्टिफिकेट में कोई दिक्कत नहीं आएगी.

क्या बिहार बोर्ड एडमिट कार्ड में नाम बदल सकते हैं?

स्टूडेंट्स के मन में अक्सर सवाल रहता है कि क्या वे करेक्शन के दौरान अपना पूरा नाम या माता-पिता का नाम बदल सकते हैं? इसका जवाब ‘ना’ है. बिहार बोर्ड के नियमों के अनुसार, नाम में बदलाव (Complete Change) करने की अनुमति किसी भी परिस्थिति में नहीं दी जाएगी. केवल वर्तनी यानी स्पेलिंग की अशुद्धियां या आंशिक त्रुटियां ही सुधारी जा सकती हैं. इसलिए फॉर्म भरते समय इस बात का खास ध्यान रखें.

बिहार बोर्ड परीक्षा का डमी एडमिट कार्ड कैसे डाउनलोड करें?

स्टूडेंट्स अपनी क्लास के अनुसार नीचे दी गईं ऑफिशियल वेबसाइट्स पर जाकर खुद या अपने स्कूल के जरिए डमी एडमिट कार्ड हासिल कर सकते हैं:

  • कक्षा 10वीं (मैट्रिक) के लिए: exam.biharboardonline.org
  • कक्षा 12वीं (इंटरमीडिएट) के लिए: intermediate.biharboardonline.com

वेबसाइट पर जाने के बाद रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज करके डमी हॉल टिकट को पीडीएफ फॉर्मेट में डाउनलोड किया जा सकता है.

स्कूल एडमिनिस्ट्रेशन के जरिए ही संभव है सुधार

बिहार बोर्ड के डमी एडमिट कार्ड में बदलाव करने से पहले इस बात का ध्यान रखें कि स्टूडेंट्स खुद से ऑनलाइन पोर्टल में सीधा बदलाव नहीं कर सकते हैं. अगर आपके डमी एडमिट कार्ड में कोई गलती पाई जाती है तो आपको तुरंत अपने स्कूल के प्रिंसिपल (प्रधान अध्यापक) से संपर्क करना होगा. स्कूल के अधिकारी अपनी लॉगइन आईडी और पासवर्ड के जरिए पोर्टल पर जाकर उसमें जरूरी सुधार दर्ज करेंगे. इसके बाद रिवाइज्ड डमी एडमिट कार्ड फिर से अपडेट होकर आ जाएगा.



Source link