Last Updated:
Guna News: मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर गुना में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में विधायक पन्नालाल शाक्य के बयान ने चौंका दिया. उन्होंने कहा कि जिनकी उम्र भजन करने की है, वे सिंहासन पर पहुंचना चाहते हैं. साथ ही उन्होंने कम मजदूरी पर जांच के निर्देश दिए और कलेक्टर ने जिले की उपलब्धियां बताईं.
Guna News: मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के समारोह में इस बार विकास और उपलब्धियों के साथ गुना विधायक पन्नालाल शाक्य की एक टिप्पणी ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं. शुभ विदाई गार्डन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के मंच से विधायक ने पुरानी कहावत का सहारा लेते हुए उम्र, महत्वाकांक्षा और सत्ता की चाहत पर ऐसा तंज कसा कि उनके बयान के राजनीतिक मायने निकाले जाने लगे. उन्होंने कहा कि पुरानी कहावतों में तीन चीजों का विशेष महत्व बताया जाता था. इनमें अच्छा दूध देने वाली गाय, उपजाऊ जमीन और तीसरी 16 या 18 साल की सुंदर युवती होती थी. उन्होंने इसी कहावत को आगे बढ़ाते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति हो, चाहे उसके हाथ-पैर हिल रहे हों, तब भी वह कहता है कि एक बार मुझे…
विधायक ने फिर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में भी कुछ ऐसा ही हो रहा है. जिनकी उम्र भजन करने की है, वे राजश्री सिंहासन पर जा पहुंचना चाहते हैं. विधायक की इस टिप्पणी को राजनीतिक महत्वाकांक्षा और उम्र के बावजूद सत्ता की चाहत से जोडक़र देखा जा रहा है. हालांकि, उन्होंने अपने संबोधन में किसी व्यक्ति का नाम लेकर निशाना नहीं साधा, लेकिन उनकी बातों ने समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान जरूर खींचा. स्थापना दिवस जैसे सरकारी और गरिमामय आयोजन में दिया गया यह बयान कार्यक्रम की चर्चाओं का प्रमुख हिस्सा बन गया.
मजदूरों को कम मजदूरी मिलने पर जांच के निर्देश
अपने संबोधन में विधायक शाक्य ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भारत भूमि की महत्ता का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि भारत ऐसी पवित्र भूमि है, जहां जन्म लेने के लिए देवता भी तरसते हैं. इसी दौरान उन्होंने मजदूरों को निर्धारित दर से कम मजदूरी दिए जाने की जानकारी सामने आने का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने संबंधित मामलों की जांच कराने और यह सुनिश्चित करने की बात कही कि प्रत्येक श्रमिक को नियमानुसार न्यूनतम मजदूरी मिले. उनका कहना था कि श्रमिकों को उनके अधिकारों से वंचित नहीं किया जाना चाहिए.
कलेक्टर ने गिनाईं जिले की उपलब्धियां
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने गुना जिले में शिक्षा के क्षेत्र में हुए सुधारों का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि जिले के विद्यार्थियों ने राज्य स्तर पर उत्कृष्ट अंक हासिल कर गुना का नाम रोशन किया है. विद्यार्थियों से विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखकर पढ़ाई करने और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया. कलेक्टर ने उद्यानिकी क्षेत्र में जिले के बेहतर प्रदर्शन की जानकारी देते हुए कहा कि यहां के किसान उद्यानिकी गतिविधियों से आर्थिक रूप से मजबूत हो रहे हैं. जिले में औद्योगिक गतिविधियों का भी विस्तार हो रहा है और हाईवे के आसपास नए विकास क्षेत्रों की संभावनाएं बढ़ रही हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि शिक्षा, कृषि, उद्यानिकी और उद्योग के क्षेत्र में हो रहे प्रयास आने वाले समय में गुना की प्रगति को नई गति देंगे.