Last Updated:
Chamoli Helicopter Crash News: बद्रीनाथ धाम से वापस लौट रहे हेलीकॉप्टर के साथ हादसा हो गया था, जिसमें कुल 6 लोगों की मौत हो गई थी. आर्मी की सूचना पर प्रशासन ने लोकेशन ट्रेस कर हादसे की पुष्टि की. खराब मौसम के चलते चांई और थैंग गांव के ऊपर यह हादसा हुआ था. हादसे के करीब दो दिन बाद सभी के शव बरामद हुए हैं.
हेलिकॉप्टर हादसे में मारे गए लोगों के शव हुए बरामद.
देहरादूनः बद्रीनाथ हेलिकॉप्टर क्रैश मामले में मारे गए 6 लोगों के शवों को बरामद कर लिया गया है. 1 नवंबर को सुबह 4.50 बजे जारी ज़िला प्रशासन की रिपोर्ट के मुताबिक 30 अक्टूबर को हुए हेलीकॉप्टर क्रैश में मारे गए सभी छह लोगों की बॉडी मिल गई हैं. बॉडी को मुश्किल पहाड़ी एक्सीडेंट वाली जगह से चाई गांव के पास सड़क पर लाया गया और बाद में ज्योतिर्मठ के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) ले जाया गया. मरने वालों में पायलट हिमांशु सभरवाल और पांच यात्री शामिल हैं, जो सभी कर्नाटक के रहने वाले हैं.
रेस्क्यू में जुटी थी कई टीमें
रिपोर्ट में कहा गया है कि सभी छह बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज (AIIMS) ऋषिकेश भेजा गया है. रिकवरी ऑपरेशन में आर्मी, ITBP, NDRF, SDRF, उत्तराखंड पुलिस, फॉरेस्ट डिपार्टमेंट और रेवेन्यू डिपार्टमेंट के लोग शामिल थे. रिपोर्ट जारी होने तक सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल सभी लोग एक्सीडेंट वाली जगह से लौट आए थे.
शवों को अलग-अलग हेलिकॉप्टर से एम्स भेजा गया
शुक्रवार को जोशीमठ पांडुकेश्वर मे हुए हादसे में जान गंवाने वाले छह लोगों के शवों को दो अलग-अलग हेलीकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश भेजा गया है. प्रशासन के मुताबिक शनिवार देर रात सभी छह शवों को रेस्क्यू के बाद जोशीमठ लाया गया था. जहां से आज सुबह मौसम साफ होते ही पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी कार्रवाई के लिए शवों को ऋषिकेश शिफ्ट किया गया. आगे की सभी कार्रवाई एम्स ऋषिकेश में ही की जाएगी. शवों की शिनाख्त और पोस्टमार्टम के बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा.
6 यात्रियों की हुई थी हेलिकॉप्टर क्रैश में मौत
बता दें कि 30 अक्टूबर को बद्रीनाथ धाम से ट्रांस कंपनी का हेलीकॉप्टर 6 यात्रियों को लेकर ऋषिकेश की ओर जा रहा था. खराब मौसम की वजह से चाय और थायंग गांव के ऊपर हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया. इस हादसे में सवार सभी 6 लोगों की मौत की सूचना आ रही है. चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि आर्मी की ओर से इस पूरी घटना की जानकारी प्रशासन को दी गई थी, जिसके बाद प्रशासन ने लोकेशन ट्रेस कर हेलीकॉप्टर क्रैश होने की पुष्टि की है.