Last Updated:
Shahdol News: ASI दीपक सिंह परिहार की सुरक्षा ड्यूटी मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान में लगाई गई थी लेकिन आरोप है कि वह अपनी ड्यूटी छोड़कर दूसरी जगह नशे में धुत होकर आदिवासी ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर रहा था. इस दौरान उसने एक मुर्गा वाहन रोककर चालक से चार मुर्गे छीन लिए. वह 10 और मुर्गों की मांग कर रहा था.
शिकायत मिलते ही एसपी ने आरोपी ASI को सस्पेंड कर दिया.
रिपोर्ट- सौरभ पांडे, शहडोल. मध्य प्रदेश के शहडोल में एक ASI की दबंगई का मामला सामने आया है. पुलिसवाले की ड्यूटी मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान में लगाई गई थी लेकिन वह दूसरी जगह शराब के नशे में जनता पर रौब गालिब कर रहा था. पुलिसकर्मी पर आदिवासियों से गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप है. इतना ही नहीं, उसने मुर्गे ले जा रहे एक वाहन को रुकवाया और चार मुर्गे छीन लिए. वह 10 और मुर्गों की मांग करने लगा. जिला पंचायत सदस्य मौके पर पहुंचे, तो पुलिसवाला नेताजी से भी भिड़ गया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. जिसके बाद एसपी ने उसे सस्पेंड कर दिया है. मामले की जांच कराई जा रही है.
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान में सरकार जनता का विश्वास जीतने का संदेश दे रही थी लेकिन इसी बीच खाकी पर ऐसा दाग लगा कि महकमे को कार्रवाई करनी पड़ी. शहडोल में ड्यूटी पर तैनात एक ASI पर शराब के नशे में आदिवासी ग्रामीणों से गाली-गलौज, मारपीट करने और मुर्गे छीनने के गंभीर आरोप लगे हैं. मिली जानकारी के अनुसार, मामला जयसिंहनगर जनपद के सीधी थाना क्षेत्र अंतर्गत बनसुकली का है. यहां आयोजित हुए मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान में ASI दीपक सिंह परिहार की सुरक्षा ड्यूटी लगाई गई थी लेकिन उसपर आरोप है कि वह ड्यूटी छोड़कर दूसरी जगह शराब के नशे में आदिवासी ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर रहा था. इस दौरान उसने मुर्गा वाहन रोककर चार मुर्गे छीन लिए. वह 10 और मुर्गों की मांग करने लगा. जिला पंचायत सदस्य गुजरात सिंह ने मौके पर पहुंचकर विरोध किया, तो ASI दीपक सिंह उनसे भी भिड़ गया.
एसपी ने तत्काल प्रभाव से किया निलंबित
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान कार्यक्रम में शामिल होने आए एसपी डॉ संजय कुमार अग्रवाल से मामले की शिकायत की गई. वीडियो देखने और शिकायत मिलने के बाद एसपी ने ASI दीपक सिंह परिहार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. सवाल यही है कि जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाली खाकी अगर खुद विवादों में घिर जाए, तो भरोसा कैसे कायम रहेगा.