त्योहारों से पहले राज्यों के खाते में आए 1 लाख करोड़ रुपये, सबसे ज्यादा किस प्रदेश को मिला


Last Updated:

Tax Collection : राज्य सरकारों को त्योहार से पहले ही केंद्र से बड़ा तोहफा मिल गया है. उन्हें टैक्स में हिस्सेदारी के रूप में अतिरिक्त 1.09 लाख करोड़ रुपये जारी किए गए हैं. इन पैसों में सबसे बड़ा हिस्सा यूपी और बिहार के खजाने में गया है. वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण का कहना है कि यह ट्रांसफर राज्यों की टैक्स में हिस्सेदारी के अतिरिक्त किया गया है, ताकि उन्हें अपनी योजनाओं पर खर्च करने में मदद मिल सके.

Top Deals Inside

त्योहारों से पहले राज्यों के खाते में आए 1 लाख करोड़, सबसे ज्यादा किसे मिला?Zoom

केंद्र की ओर से टैक्स में हिस्सेदारी के रूप में राज्यों को 1 लाख करोड़ से ज्यादा बांटे गए हैं.

नई दिल्ली. केंद्र सरकार ने त्योहारों से पहले ही राज्य सरकारों को टैक्स में उनकी हिस्सेदारी के तहत कुल 1.09 लाख करोड़ रुपये से अधिक की अतिरिक्त किस्त जारी की है. वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी पोस्ट में बताया कि चालू वित्तवर्ष के दौरान जारी की गई यह दूसरी अतिरिक्त किस्त मजबूत आर्थिक गतिविधियों और बेहतर टैक्स कलेक्शन का परिणाम है. सरकारी खजाने में आए जीएसटी में से राज्यों को भी उनका हिस्सा बांटा जा रहा है.

सीतारमण ने कहा कि इस राशि के जारी होने से राज्यों को बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी लाने, जन कल्याणकारी योजनाओं के लिए धन जुटाने और देश भर में आर्थिक वृद्धि को और गति देने में मदद मिलेगी. यह नियमित मंथली ट्रांसफर राशि के अलावा है और चालू वित्त वर्ष में दी गई दूसरी अतिरिक्त किस्त है. वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य सरकारों को टैक्स ट्रांसफर के रूप में 1,09,019 करोड़ रुपये जारी किए हैं.

त्योहारों को ध्यान में रखते हुए दी राशि
मंत्रालय ने कहा कि राज्यों को यह राशि आगामी त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए जारी की गई है ताकि राज्य पूंजीगत खर्च में तेजी ला सकें और अपने विकास व कल्याण से जुड़े खर्चों को पूरा कर सकें. वर्तमान व्यवस्था के तहत हर वित्त वर्ष के दौरान केंद्र सरकार द्वारा एकत्र किए जाने वाले कुल टैक्स का 41 फीसदी हिस्सा 14 किस्तों में राज्यों के बीच बांटा जाता है. इसमें सबसे ज्यादा आईजीएसटी होता है, जो निर्यात और आयात पर लगने वाले शुल्क के तहत वसूला जाता है. यह पैसे केंद्र के पास आते हैं और फिर राज्यों को उनकी हिस्सेदारी के हिसाब से बांटा जाता है.

किस राज्य को मिला सबसे ज्यादा पैसा

  • यूपी को 19,208 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं.
  • बिहार को भी 10,845 करोड़ रुपये मिले हैं.
  • मध्य प्रदेश को 8,010 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं.
  • पश्चिम बंगाल को भी 7,866 करोड़ रुपये जारी किए हैं.
  • महाराष्ट्र को 7,022 करोड़ रुपये तो राजस्थान को 6,460 करोड़ रुपये मिले हैं.
  • ओडिशा को भी इस बार 4,819 करोड़ तो आंध्र प्रदेश को 4,597 करोड़ दिए हैं.
  • कर्नाटक के लिए 4,504 करोड़ और तमिलनाडु को 4,466 करोड़ मिले हैं.
  • गुजरात को 4,094 करोड़ और झारखंड को भी इस बार 3,660 करोड़ दिए गए हैं.



Source link