जिसे दोस्त समझा, वही निकला कातिल! 55 दिन बाद खुला मुजफ्फरपुर किसलय हत्याकांड का राज


Last Updated:

Muzaffarpur Crime News: दोस्त के बुलावे पर घर से निकला 29 साल का किसलय फिर कभी वापस नहीं लौटा. परिवार ने उसकी तलाश में हर संभव कोशिश की. पूरी तलाश के दौरान किसलय का मोबाइल बंद मिला तो अनहोनी की आशंका गहराने लगी. करीब 55 दिनों तक यह सवाल बना रहा कि आखिर किसलय कहां गया? लेकिन, अब मुजफ्फरपुर पुलिस ने इस गुत्थी को सुलझाने का दावा किया है. पुलिस के मुताबिक, किसलय की हत्या किसी अनजान ने नहीं, बल्कि जिसे उसने दोस्त समझा था वही उसका कातिल निकला. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

Top Deals Inside

जिसे दोस्त समझा, वही निकला कातिल! 55 दिन बाद खुला किसलय हत्या का राज, 1 अरेस्टZoom

मुजफ्फरपुर किसलय हत्याकांड की हत्या के राज से सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने पर्दा हटाया.

बिहार के मुजफ्फरपुर में अहियापुर थाना क्षेत्र से बीते 5 सितंबर से लापता 29 वर्षीय किसलय की हत्या का खुलासा करीब 55 दिन बाद हुआ है. मुजफ्फरपुर पुलिस ने किसलय की हत्या मामले की गुत्थी सुलझाते हुए हत्या में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है. पुलिस के मुताबिक, आपसी विवाद और पैसों के लेनदेन को लेकर उसके दोस्तों ने ही उसकी हत्या कर दी थी और हत्या के बाद शव को नदी में फेंक दिया था. पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी अनुकूल कुमार को गिरफ्तार किया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

दोस्त ने बुलाया, फिर घर नहीं लौटा किसलय

पूरे मामले का खुलासा करते हुए सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि बीते 5 सितंबर को अहियापुर थाना क्षेत्र से 29 वर्षीय किसलय नामक युवक के संदेहास्पद परिस्थितियों में लापता होने की सूचना अहियापुर थाना में दी गई थी. जब युवक घर वापस नहीं लौटा और उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आने लगा, तो परिजनों द्वारा की गई खोजबीन एवं स्थानीय स्तर पर प्राप्त जानकारी के आधार पर युवक को कलमबाग चौक तथा गन्नीपुर स्थित एक लॉज में देखे जाने और वहां अन्य व्यक्तियों के साथ विवाद होने की बात सामने आई. परिजनों ने पुरानी रंजिश के तहत किसी अनहोनी की आशंका व्यक्त की थी.

शव और मोटरसाइकिल की तलाश जारी

घटना के संदर्भ में परिजनों के द्वारा अहियापुर थाना में दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच एवं अनुसंधान शुरू किया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ नगर-02 के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया. घटना में शामिल नामजद व्यक्तियों से पूछताछ, युवक का शव एवं उसकी मोटरसाइकिल की तलाश के लिए तकनीकी साक्ष्यों एवं संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही थी.

55 दिन बाद पुलिस ने खोला हत्या का राज

इसी बीच गठित टीम को जानकारी मिली कि लापता युवक किसलय की हत्या आपसी विवाद और पैसे के लेनदेन के विवाद में उसके दोस्तों द्वारा की गई तथा शव को रेवा नदी में फेंक दिया गया है. इसी क्रम में 30 अक्टूबर को घटना में संलिप्त एक आरोपी अनुकूल कुमार को पारु थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है. मृतक का भी पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है. फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.

मां को अब भी बेटे के शव का इंतजार

हालांकि, किसलय की हत्या का खुलासा होने के बावजूद परिवार को अभी उसका शव नहीं मिला है. पुलिस भी शव और उसकी मोटरसाइकिल की तलाश कर रही है. इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर हत्याकांड की बाकी कड़ियों को जोड़ने की कोशिश की जा रही है. वहीं, बताया जाता है कि किसलय का भी आपराधिक इतिहास रहा है. पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज थे. हालांकि, पुलिस की जांच में सामने आए आरोपों और हत्या के मामले की कानूनी प्रक्रिया अभी जारी है.



Source link