Last Updated:
Digvijay Singh News: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा राजगढ़ पहुंची. यहां प्रेस वार्ता में उन्होंने धार्मिकता के मुद्दे पर भाजपा को चुनौती दी. दिग्विजय सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर चंदा चोरी और वोट चोरी के आरोप लगाए और एक बड़ा दावा भी किया… जानें
राजगढ़ में पड़ाव के दौरान दिग्विजय सिंह ने की प्रेस कांफ्रेंस.
Rajgarh News: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा राजगढ़ विधानसभा क्षेत्र पहुंची है. राजगढ़ में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया. इस दौरान दिग्विजय सिंह ने कई राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने भाजपा, आरएसएस, बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद पर तीखे हमले किए. दिग्विजय सिंह ने धार्मिकता के मुद्दे पर भाजपा, बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के नेताओं को खुली चुनौती दी.
उन्होंने कहा कि इन संगठनों में कोई एक ऐसा नेता बता दीजिए, जो उनसे ज्यादा धार्मिक हो. दिग्विजय ने अपने पारिवारिक और व्यक्तिगत धार्मिक कार्यों का उल्लेख किया. बताया कि राघोगढ़ में उनका करीब 400 साल पुराना मंदिर है. इस मंदिर में 24 घंटे जलने वाली अखंड ज्योत मौजूद है. साथ ही उन्होंने रामलला के लिए चंदा देने और गोसेवा के लिए निरंतर काम करने की बात कही. दिग्विजय सिंह ने भाजपा नेताओं की धार्मिकता को केवल एक दिखावा करार दिया.
मुख्य चुनाव आयुक्त पर गंभीर आरोप
प्रेस वार्ता में दिग्विजय सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर बेहद गंभीर और तीखे आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार राम मंदिर चंदा विवाद और वोट चोरी के दोनों मामलों में शामिल थे. दिग्विजय सिंह ने दावा किया कि राम मंदिर चंदा विवाद उजागर होने से महज तीन दिन पहले तक ज्ञानेश कुमार राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से सीधे जुड़े हुए थे. उस दौरान वे ट्रस्ट में ज्वाइंट सेक्रेटरी की महत्वपूर्ण भूमिका में कार्यरत थे. दिग्विजय सिंह ने सीधा आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार को बचाने के काम में भाजपा और स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगे हुए हैं.
भाजपा और आरएसएस से समर्थन का दावा
दिग्विजय सिंह ने अपनी सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा को लेकर एक और बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि उनकी इस यात्रा को भाजपा के आम लोग और कार्यकर्ता भी समर्थन दे रहे हैं. वे उनकी यात्रा में साथ चल रहे हैं. इतना ही नहीं, आरएसएस से जुड़े लोगों के संदेश भी उन्हें लगातार प्राप्त हो रहे हैं. दिग्विजय सिंह के अनुसार, इन लोगों का कहना है कि वे भले ही वैचारिक रूप से उनके साथ नहीं हैं, लेकिन राम मंदिर चंदा विवाद का मुद्दा उठाने पर वे उनके समर्थन में मजबूती से खड़े हैं.
धार्मिकता पर भाजपा को दी गई चुनौती, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर चंदा चोरी व वोट चोरी के आरोप और भाजपा-आरएसएस से समर्थन मिलने का दावा, राजगढ़ में दिग्विजय सिंह के ये बयान प्रदेश में बड़ी सियासी चर्चा का विषय बन गए हैं.