Last Updated:
बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर संजय गुप्ता के अचानक निधन से पूरी फिल्म इंडस्ट्री सदमे में है. उनके जाने से सितारे और फिल्मी दुनिया से जुड़े लोग दुखी हैं. अभिनेता तुषार कपूर ने उन्हें याद करते हुए भावुक पोस्ट शेयर किया और कहा कि उनके पसंदीदा डायरेक्टर बहुत जल्दी दुनिया छोड़कर चले गए. वहीं, ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने भी संजय गुप्ता को श्रद्धांजलि देते हुए उनके निधन को भारतीय सिनेमा के लिए बड़ी क्षति बताया है.
तुषार ने संजय गुप्ता के निधन पर जाहिर किया दुख
नई दिल्ली. फिल्ममेकर संजय गुप्ता के अचानक निधन की खबर ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है. उनके जाने से बॉलीवुड के कई कलाकार और फिल्म से जुड़े लोग दुखी हैं. अभिनेता तुषार कपूर ने भी उन्हें याद करते हुए भावुक पोस्ट शेयर किया है. तुषार ने संजय गुप्ता को अपना पसंदीदा डायरेक्टर बताया और कहा कि वह बहुत जल्दी इस दुनिया को छोड़कर चले गए. वहीं, ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने भी उनके निधन पर शोक जताते हुए इसे भारतीय सिनेमा के लिए बड़ी क्षति बताया है.
संजय गुप्ता ने अपने करियर में ‘आतिश’, ‘कांटे’, ‘मुसाफिर’, ‘जिंदा’, ‘शूटआउट एट वडाला’, ‘जज्बा’, ‘काबिल’ और ‘मुंबई सागा’ जैसी कई शानदार फिल्में बनाईं. उन्होंने ज्यादातर करियर में संजय दत्त के साथ काम किया है. अब उनके जाने से इंडस्ट्री में मातम पसर गया है.
AICWA ने संजय गुप्ता को बताया भारतीय सिनेमा की खास आवाज
ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर संजय गुप्ता को श्रद्धांजलि दी. एसोसिएशन ने कहा कि उनके निधन की खबर बेहद दुखद और चौंकाने वाली है.AICWA के मुताबिक, संजय गुप्ता ने अपनी फिल्मों के जरिए बॉलीवुड को एक अलग अंदाज और नई पहचान दी. उनका काम हमेशा अपनी बेबाक कहानी, स्टाइल और दमदार अंदाज के लिए याद किया जाएगा. उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के साथ-साथ दर्शकों के दिलों में भी खास जगह बनाई थी.एसोसिएशन ने आगे कहा कि संजय गुप्ता का इतनी जल्दी दुनिया से चले जाना बेहद दुखद है. उनके जाने से भारतीय सिनेमा ने एक खास फिल्ममेकर खो दिया है. उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा. AICWA ने उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं जताते हुए इस मुश्किल समय में उन्हें हिम्मत देने की प्रार्थना की.
तुषार कपूर ने बताया अपना पसंदीदा डायरेक्टर
अभिनेता तुषार कपूर ने भी संजय गुप्ता के निधन पर दुख जाहिर किया है. तुषार ने उनके साथ साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ में काम किया था. यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी. तुषार ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि सुबह उठते ही उन्हें अपने पसंदीदा डायरेक्टर संजय गुप्ता के निधन की खबर मिली. उन्होंने जिंदगी को अनिश्चित बताते हुए कहा कि संजय गुप्ता हमेशा जिंदगी को खुलकर जीने का संदेश देकर गए हैं. तुषार ने उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई और दिवंगत फिल्ममेकर की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
तुषार का पोस्ट हो रहा वायरल
(फोटो साभार:x@TusshKapoor)
निधन से कुछ दिन पहले शेयर की थी खास पोस्ट
संजय गुप्ता के निधन के बाद उनकी एक पुरानी सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा में आ गई है. उन्होंने 21 अक्टूबर को हॉलीवुड के अपने दो पसंदीदा सितारों माइकल डगलस और सिल्वेस्टर स्टेलोन की आत्मकथाओं की तस्वीर शेयर की थी. दोनों किताबें उनके पास रखी थीं और वह तय नहीं कर पा रहे थे कि पहले किसकी किताब पढ़ें. उन्होंने पोस्ट में लिखा था कि उनके दो पसंदीदा सितारों ने अपनी जिंदगी के निजी और सच्चे अनुभव किताबों के जरिए साझा किए हैं. अब उनके सामने सवाल यह है कि वह सबसे पहले किसकी किताब पढ़ें.