त्योहार हो, शादी हो या कोई खास मौका, गुलाब जामुन हर जगह लोगों की पहली पसंद रहता है. लेकिन क्या आपको पता है गुलाब जामुन और काला जामुन में अंतर क्या होता है? वैसे तो देखने में ये दोनों मिठाइयां एक जैसी लगती हैं, क्योंकि इन्हें बनाने में खोया, दूध और चीनी की चाशनी जैसी चीजों का ही इस्तेमाल होता है.
लेकिन जब रंग, स्वाद और बनावट में काफी अंतर होता है. इनके पकाने का तरीका भी थोड़ा अलग होता है. अगर आप भी इन दोनों मिठाइयों के शौकीन हैं, तो आइए जानते हैं कि गुलाब जामुन और काला जामुन में क्या अंतर होता है.
गुलाब जामुन क्या होता है?
गुलाब जामुन भारत की पारंपरिक मिठाइयों में से एक है. इसे मुख्य रूप से खोया, मिल्क पाउडर या दोनों को मिलाकर बनाया जाता है. इसमें आटे या किसी दूसरे बाइंडिंग इंग्रीडिएंट का इस्तेमाल भी किया जाता है. इसके छोटे-छोटे गोले बनाकर घी या तेल में सुनहरा भूरा होने तक तला जाता है. इसके बाद इन्हें चीनी की चाशनी में डुबोया जाता है. इसका स्वाद मीठा और दूधिया होता है, जबकि बनावट काफी नरम और स्पंजी होती है.
काला जामुन क्या होता है?
काला जामुन, गुलाब जामुन का ही एक अलग रूप है. इसे बनाने के लिए भी खोया और दूसरी मिलती-जुलती सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है. हालांकि, इसे गुलाब जामुन की तुलना में ज्यादा देर तक तला जाता है. इसी वजह से इसका रंग गहरा भूरा या लगभग काला हो जाता है. ज्यादा पकने के कारण इसमें हल्का कैरेमल जैसा स्वाद भी आता है.
बनावट में क्या है फर्क?
गुलाब जामुन अंदर से काफी नरम और स्पंजी होता है. वहीं, काला जामुन की बाहरी परत थोड़ी सख्त और अंदर की बनावट ज्यादा घनी हो सकती है.
स्वाद में कौन है बेहतर?
गुलाब जामुन का स्वाद मीठा और दूध जैसा होता है. दूसरी तरफ, काला जामुन ज्यादा देर तक तलने के कारण हल्का कैरेमलाइज्ड और गहरा स्वाद देता है. हालांकि, दोनों की मिठास चाशनी और बनाने की रेसिपी पर निर्भर करती है.
बनाने और परोसने का तरीका
दोनों मिठाइयों को आमतौर पर घी या तेल में तलकर बनाया जाता है. फर्क सिर्फ इतना है कि काला जामुन को ज्यादा देर तक पकाया जाता है. गुलाब जामुन को अक्सर गर्मागर्म चाशनी के साथ परोसा जाता है, जबकि काला जामुन को कमरे के तापमान पर भी खाया जा सकता है.
कौन-सी मिठाई चुनें?
अगर आपको नरम, स्पंजी और दूधिया स्वाद वाली मिठाई पसंद है, तो गुलाब जामुन अच्छा विकल्प है. वहीं, अगर आप गहरे रंग, थोड़ी सख्त बनावट और कैरेमल जैसे स्वाद वाली मिठाई खाना पसंद करते हैं, तो काला जामुन चुन सकते हैं. दोनों का अपना अलग स्वाद और खासियत है.