Last Updated:
China Gold Discovery: चीन ने एक साल युद्धस्तर पर पूरे देश में खनिजों की खोज के लिए सर्वे किया. इस सर्वे में उसे सोने और निकेल के साथ ही कई दुर्लभ धातुओं के बड़े भंडार मिले हैं.
सोने और रेनियम के अलावा चीन को शिनजियांग के बाइचेंग में जिरकोन का बड़ा रिजर्व मिला है. (Photo : AI)
नई दिल्ली. चीन को धरती के नीचे ऐसा खजाना मिला है जो उसे आने वाले समय में रेय अर्थ के मामले में दूसरे देशों से बहुत आगे ले जा सकता है. करीब एक साल चले सर्वे के बाद चीन को अपनी धरती के नीचे न केवल सोने के भंडार मिले हैं, बल्कि लड़ाकू जेट इंजनों और परमाणु रिएक्टरों की रीढ़ माने जाने वाले रेनियम और जिरकोन जैसे खनिजों के बड़े भंडार भी मिले हैं. चीन ने देश में खनिजों की खोज को युद्धस्तर पर चलाया था. एक साल तक देश के 27 प्रांतों, ऑटोनमस रिजन्स और नगरपालिकाओं में 17 सबसे महत्वपूर्ण मिनरल्स की खोज की गई. इस काम में 100 से अधिक वैज्ञानिक संस्थानों, विश्वविद्यालयों और करीब 2,000 भूवैज्ञानिकों व सर्वेक्षकों की टीम ने दिन-रात काम किया. इस दौरान 1,800 से अधिक चालू खदानों और दर्जनों बड़े-मध्यम खनन क्षेत्रों की गहन जांच की गई.
चीन के प्राकृतिक संसाधन मंत्रालय और सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के ताजा आंकड़ों के अनुसार, सबसे बड़ा इजाफा रेनियम के भंडारों में हुआ है. नई खोज के बाद रेनियम के भंडार 200 फीसदी से भी ज्यादा बढ़ गए हैं. रेनियम दुनिया की सबसे दुर्लभ और बेशकीमती धातुओं में गिनी जाती है. इसका इस्तेमाल आधुनिक लड़ाकू विमानों और रॉकेटों के सुपर एलॉय जेट इंजन बनाने में किया जाता है. रेनियम के नए भंडार मिलने से चीन की एयरोस्पेस और डिफेंस इंडस्ट्री को बड़ा फायदा होगा.
सोने और निकेल के मिले बड़े भंडार
सोने और निकेल के मोर्चे पर भी चीन को बड़ी सफलता मिली है. देश में खोजे गए सोने के नए भंडार 50 बड़े मिनरल रिजर्व के बराबर हैं, जबकि निकेल के नए भंडार 30 बड़े रिजर्व के बराबर आंके गए हैं. इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) बैटरियों और रक्षा उपकरणों के प्रोडक्शन में निकेल का यूज होता है और इसकी मांग दिनोंदिन बढ़ रही है. बड़े भंडार हाथ लगने से चीन की मैन्युफैक्चरिंग सप्लाई चेन को मजबूती मिलेगी.
परमाणु रिएक्टरों में काम आने वाला जिरकोन भी मिला है
सोने और रेनियम के अलावा चीन को शिनजियांग के बाइचेंग में जिरकोन का बड़ा रिजर्व मिला है. जिरकोन से निकलने वाले जिरकोनियम का इस्तेमाल परमाणु रिएक्टरों में यूरेनियम फ्यूल रॉड्स की बाहरी सुरक्षा परत (Cladding) बनाने में किया जाता है. चीन अब तक जिरकोन के लिए आयात पर ही निर्भर है.