भोपाल. मध्य प्रदेश में आज 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जा रही है. इस मौके पर प्रदेशभर में ‘रन फॉर यूनिटी’ यानी एकता दौड़ का आयोजन किया जा रहा है. जिला मुख्यालयों पर होने वाले इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है. राष्ट्रीय एकता दिवस का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है.
सरदार वल्लभभाई पटेल को देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में उनके योगदान के लिए याद किया जाता है. आजादी के बाद देशी रियासतों के एकीकरण में उनकी अहम भूमिका रही थी. इसी योगदान को याद करते हुए हर साल 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है.
हरदा, डिंडोरी में रन फॉर यूनिटी का कार्यक्रम
हरदा में आज राष्ट्रीय एकता दिवस पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया. लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर दौड़ का आयोजन किया गया. इसमें लगभग 300 विद्यार्थी सहित, पुलिस जवान जनप्रतिनिधि और खिलाड़ी शामिल हुए. कलेक्टर कुमार सत्यम ने दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. दौड़ घंटाघर चौक से शुरू होकर चांडक चौक, परशुराम चौक और बड़ी सिंधी कॉलोनी मार्ग से नेहरू स्टेडियम पहुंची. समापन पर सभी ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली, दौड़ के दौरान एक भारत श्रेष्ठ भारत के नारे लगाए गए.
डिंडोरी में राष्ट्रीय एकता दिवस पर निकली ‘रन फॉर यूनिटी’ के तहत एकता दौड़ का आयोजन हुआ. रानी अवंती बाई चौक से पुलिस ग्राउंड तक निकली ‘रन फॉर यूनिटी’, छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे सहित जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया. ये कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित हुआ. शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, डीएफओ अशोक सोलंकी सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने की दिलाई शपथ गई.
अगर सरदार वल्लभ भाई पटेल होते देश के पहले प्रधानमंत्री
शाजापुर में भी सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर रन फॉर यूनिटी दौड़ का आयोजन किया गया. शहर के उत्कृष्ट विद्यालय परिसर से प्रारंभ हुई यह दौड़ स्टेडियम ग्राउंड पर समाप्त हुई. कार्यक्रम में संबोधित करते हुए शाजापुर विधायक अरुण भीमावद ने कहा कि आजादी के बाद पंडित जवाहरलाल नेहरू की जगह बहुमत वाले सरदार वल्लभ भाई पटेल देश के पहले प्रधानमंत्री होते तो स्थितियां आज अलग होती. रन फॉर यूनिटी दौड़ में विधायक अरुण भीमावद, कलेक्टर डॉ परीक्षित संजय राव झाड़े, एसपी प्रियंका शुक्ला शामिल हुए और सभी ने स्कूली बच्चों के साथ दौड़ लगाई, कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को एकता अखंडता की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई.
नर्मदापुरम में भी सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर ‘रन फॉर यूनिटी’ राष्ट्रीय एकता दिवस पर एकता दौड़ में युवा उत्साह के साथ दौड़े. एसपी ऑफिस सरदार पटेल प्रतिमा स्थल पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में कलेक्टर आशीष वशिष्ठ सहित अधिकारी और आमजन युवा शामिल हुए.