Last Updated:
MCC NEET UG Special Stray Vacancy Round 2026: नीट यूजी की 2000 खाली सीटें भरने के लिए एमसीसी ने स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड का ऐलान कर दिया है. इसके लिए 2 नवंबर से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होगी. जानिए एमबीबीएस, बीडीएस और बीएससी नर्सिंग काउंसलिंग का पूरा शेड्यूल.
MCC NEET UG Special Stray Vacancy Round 2026: नीट यूजी काउंसलिंग के फाइनल राउंड्स में मेडिकल कॉलेज में सीट सुनिश्चित कर सकते हैं
नई दिल्ली (NEET UG Special Stray Vacancy Round 2026). नीट यूजी काउंसलिंग के थका देने वाले राउंड्स और लंबे इंतजार के बाद भी देशभर के मेडिकल संस्थानों में एमबीबीएस की करीब 2000 सीटें खाली हैं. स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (DGHS) और मेडिकल काउंसलिंग कमेटी ने ये सीटें भरने के लिए ‘स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड’ का दांव चला है. मामूली चूकों या हाई कटऑफ के कारण कई बार डिजर्विंग स्टूडेंट्स पहले राउंड से बाहर हो जाते हैं. उनके लिए यह राउंड वरदान से कम नहीं है.
बची हुई 2000 सीटों के लिए संजीवनी है यह स्पेशल राउंड
नीट यूजी काउंसलिंग के कई दौर गुजर जाने के बाद भी देशभर के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की लगभग 2000 सीटें खाली रह गईं हैं. इसीलिए स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (DGHS) ने मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) के साथ मिलकर ‘स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड’ कराने का बड़ा फैसला लिया है. बेहद कम अंतर से एडमिशन की रेस से बाहर रह जाने वाले सभी मेहनती स्टूडेंट्स के लिए यह किसी वरदान से कम नहीं है. अब उन्हें अपनी किस्मत और काबिलियत साबित करने का एक और मौका मिल रहा है.
एमबीबीएस स्पेशल स्ट्रे राउंड और बीडीएस/नर्सिंग 5वें राउंड का शेड्यूल
एमसीसी की ऑफिशियल वेबसाइट mcc.nic.in पर जारी शेड्यूल के मुताबिक, इस प्रक्रिया की शुरुआत 2 नवंबर 2026 से होने जा रही है.
- रजिस्ट्रेशन और फीस पेमेंट: 2 नवंबर से 4 नवंबर (दोपहर 03:00 बजे तक) रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है, जबकि फीस भुगतान की सुविधा 4 नवंबर की शाम 06:00 बजे तक खुली रहेगी.
- चॉइस फिलिंग और लॉकिंग: उम्मीदवार 2 नवंबर से 5 नवंबर के बीच अपनी पसंद के कॉलेज चुन सकते हैं. चॉइस लॉकिंग 4 नवंबर की शाम 04:00 बजे से शुरू होकर 5 नवंबर की सुबह 11:00 बजे तक होगी.
- सीट अलॉटमेंट और रिजल्ट: 5 और 6 नवंबर को सीटों के आवंटन की प्रक्रिया पूरी होगी और 7 नवंबर 2026 को फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा.
- कॉलेज रिपोर्टिंग: जिन स्टूडेंट्स को सीट मिलेगी, उन्हें 7 नवंबर से 16 नवंबर (शाम 05:00 बजे तक) के बीच आवंटित कॉलेज में जाकर उपस्थिति दर्ज करानी होगी.
बीडीएस और बीएससी नर्सिंग के छठे राउंड का प्लान
सिर्फ एमबीबीएस ही नहीं, बल्कि डीजीएचएस ने बीडीएस और बीएससी नर्सिंग कोर्स के स्टूडेंट्स के लिए भी दोतरफा स्ट्रैटेजी बनाई है. 5वें राउंड के साथ-साथ छठे राउंड का भी ऐलान कर दिया गया है.
- रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग: छठे राउंड के लिए रजिस्ट्रेशन, शुल्क भुगतान और चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया 17 नवंबर से 19 नवंबर 2026 तक चलेगी. इसकी चॉइस लॉकिंग 18 नवंबर शाम 04:00 बजे से 19 नवंबर सुबह 09:00 बजे तक होगी.
- रिजल्ट और रिपोर्टिंग: 19 नवंबर को सीट अलॉटमेंट के बाद 20 नवंबर को रिजल्ट आ जाएगा. इसके बाद चुने गए स्टूडेंट्स 21 नवंबर से 28 नवंबर 2026 के बीच अपने अलॉटेड कॉलेज में रिपोर्ट कर सकेंगे.
स्टूडेंट्स के लिए जरूरी टिप्स
यह नीट यूजी काउंसलिंग का बिल्कुल आखिरी पड़ाव है. इसलिए इसमें किसी भी तरह की लापरवाही भारी पड़ सकती है. चॉइस फिलिंग करते वक्त अपनी रैंक और कॉलेज की पिछले साल की कटऑफ का थोड़ा अंदाजा जरूर लगा लें. तय की गई डेडलाइन के अंदर ही फीस जमा करें. साथ ही अपने सभी ओरिजिनल डॉक्यूमेंट्स तैयार रखें. इससे कॉलेज रिपोर्टिंग के वक्त किसी भी भागदौड़ या परेशानी से बच सकेंगे.