कानपुर में हाईवे पर ट्रांसजेंडरों का हंगामा, पुलिस को देख उतारे कपड़े, वाहनों पर फेंके पत्थर

कानपुर में हाईवे पर ट्रांसजेंडरों का हंगामा, पुलिस को देख उतारे कपड़े, वाहनों पर फेंके पत्थर


Last Updated:

Kanpur Latest News: यूपी के कानपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां सजेती थाना क्षेत्र में सागर हाईवे पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कार सवार परिवार से कथित तौर पर जबरन वसूली कर रहे कुछ ट्रांसजेंडरों ने पुलिस के समझाने पर हंगामा शुरू कर दिया. आरोप है कि उन्होंने बीच सड़क अपने कपड़े उतार दिए, PRV जवानों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की और वाहनों पर पत्थर भी फेंके.

Zoom

घटनास्थल की तस्वीर.

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में सागर हाईवे पर ट्रांसजेंडरों के हंगामे का मामला सामने आया है. सजेती थाना क्षेत्र में कार सवार एक परिवार से कथित वसूली की सूचना पर पहुंची PRV पुलिस टीम को विरोध का सामना करना पड़ा. आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने जब मौके पर मौजूद लोगों को समझाने का प्रयास किया तो वे उग्र हो गए. बीच सड़क कपड़े उतारकर हंगामा करने लगे. इतना ही नहीं, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की गई. वाहनों पर पत्थर फेंकने के भी आरोप हैं.

घटना के दौरान हाईवे पर चल रहे वाहन चालकों में दहशत फैल गई. सड़क पर हंगामा होने से यातायात भी प्रभावित हुआ और वाहनों की लंबी कतार लग गई. हालात बिगड़ते देख PRV टीम ने वायरलेस सेट के जरिए अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की. सूचना पर सजेती थाने से भी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने तक आरोपी वहां से फरार हो गए.

कार सवार परिवार से वसूली की सूचना पर पहुंची थी PRV
पुलिसकर्मी के मुताबिक, इवेंट संख्या 29317 के तहत सूचना मिलने पर PRV टीम सागर हाईवे पहुंची थी. वहां कुछ ट्रांसजेंडर कार सवार एक परिवार को रोककर कथित तौर पर जबरन रुपये वसूल रहे थे. विरोध करने पर कार चालक के साथ हाथापाई किए जाने का भी आरोप है. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब मामले को शांत कराने और संबंधित लोगों को समझाने की कोशिश की तो स्थिति और बिगड़ गई. आरोप है कि कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता शुरू कर दी और विरोध में अपने कपड़े उतारने लगे. इसके बाद हाईवे पर हंगामा बढ़ गया.

पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की, वाहनों पर फेंके पत्थर
मौके पर मौजूद PRV जवानों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई किए जाने का आरोप है. हंगामा कर रहे लोगों ने हाथों में पत्थर लेकर वाहनों पर भी फेंकना शुरू कर दिया. इससे हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस को स्थिति संभालने के लिए अतिरिक्त फोर्स बुलानी पड़ी. हालांकि, अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने से पहले ही हंगामा करने वाले लोग मौके से निकल गए. घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी.

पुलिस कमिश्नर ने दिए मुकदमा दर्ज करने के आदेश
मामले का संज्ञान लेते हुए कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने DCP दक्षिण को जांच के निर्देश दिए हैं. साथ ही सजेती थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया गया है. पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर ACP घाटमपुर मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि पुलिस टीम ने वायरल वीडियो और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश शुरू कर दी है. इस सिलसिले में पुलिस ने करीब 15 स्थानों पर छापेमारी भी की है.

PRV जवान की तहरीर पर कार्रवाई में जुटी पुलिस
इस मामले में ड्यूटी पर तैनात PRV जवान की ओर से भी थाने में तहरीर दिए जाने की जानकारी सामने आई है. पुलिसकर्मी ने अपने साथ हुई अभद्रता और हाथापाई का आरोप लगाया है. सजेती थाना पुलिस तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है. पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है. सजेती थाने में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं और जांच ACP को सौंपी गई है. वायरल वीडियो की भी जांच कराई जा रही है. हंगामा करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.



Source link