Last Updated:
LDA Flat Lottery 147 Family: लखनऊ में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर मिलने का इंतजार कर रहे 147 परिवारों को बड़ी राहत मिली है. लखनऊ विकास प्राधिकरण ने बसंत कुंज योजना के सेक्टर-आई में प्रतीक्षा सूची में शामिल सभी आवेदकों को लॉटरी के जरिए फ्लैट आवंटित कर दिए.
147 परिवारों को मिली राहत.
लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ में अपना घर होने का सपना पूरा होने वाला है. 147 परिवारों के लिए 30 अक्टूबर यानी शुक्रवार का दिन खुशियां लेकर आया. लंबे समय से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत फ्लैट मिलने का इंतजार कर रहे इन परिवारों को आखिरकार उनका आशियाना आवंटित कर दिया गया. लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने बसंत कुंज योजना के सेक्टर-आई में पारदर्शी तरीके से लॉटरी कराकर प्रतीक्षा सूची के सभी 147 आवेदकों को फ्लैट दिए.
इस आवंटन प्रक्रिया के लिए विभूति खंड स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के प्लूटो हॉल में कार्यक्रम आयोजित किया गया. लॉटरी को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए आवेदकों की मौजूदगी में ही पर्चियां निकलवाई गईं. जैसे-जैसे लाभार्थियों के नामों की घोषणा होती गई, लोगों में उत्साह बढ़ता गया. कई परिवारों के लिए यह पल भावुक कर देने वाला रहा. वर्षों से घर की उम्मीद लगाए बैठे लोगों के चेहरे पर अपना नाम आने के बाद खुशी साफ नजर आई.
पहले चरण के बाद प्रतीक्षा सूची में थे 147 आवेदक
दरअसल, बसंत कुंज योजना के सेक्टर-आई में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत कुल 776 खाली भवनों के आवंटन के लिए एलडीए ने 20 और 21 फरवरी को मुख्य लॉटरी आयोजित की थी. इस प्रक्रिया के बाद 147 आवेदक प्रतीक्षा सूची में रह गए थे. अब प्राधिकरण ने शुक्रवार को इन सभी आवेदकों के लिए दोबारा लॉटरी कराई. सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चली इस प्रक्रिया में प्रतीक्षा सूची के सभी 147 परिवारों को फ्लैट आवंटित कर दिए गए. खास बात यह रही कि कार्यक्रम में मौजूद आवेदकों से ही लॉटरी की पर्चियां निकलवाई गईं, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे.
नाम निकलते ही भावुक हुईं लाभार्थी
लॉटरी में अपना नाम आने पर लाभार्थी अंजू लोधी भावुक हो गईं. उन्होंने बताया कि लंबे समय से पक्के मकान की आस लगाए हुए थीं, लेकिन एक समय ऐसा भी आया जब उन्हें अपना घर मिलने की उम्मीद कम होने लगी थी. शुक्रवार को जब लॉटरी में उनका नाम आया तो वह अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सकीं. उन्होंने इस आवंटन के लिए एलडीए प्रशासन का आभार जताया.
वहीं, आलिया, सावन कश्यप, गौरव अग्रवाल और आलोक कुमार पांडेय समेत अन्य लाभार्थियों ने भी आवंटन प्रक्रिया को पारदर्शी बताया. कुछ आवेदक कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे, जबकि कई लोग घर बैठे एलडीए के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण के जरिए लॉटरी देख रहे थे. ऑनलाइन प्रसारण में अपना नाम देखने के बाद कुछ आवेदक कार्यक्रम स्थल भी पहुंचे.
25 फीसदी रकम जमा करने पर मिलेगी फ्लैट की चाबी
एलडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी के मुताबिक, लॉटरी में सफल हुए सभी आवेदकों को जल्द ही औपचारिक आवंटन पत्र जारी किए जाएंगे. इसके बाद आवंटियों को भवन की कुल कीमत का 25 प्रतिशत हिस्सा निर्धारित नियमों के तहत जमा करना होगा. यह धनराशि जमा होने पर अनुबंध की प्रक्रिया पूरी कर उन्हें फ्लैट की चाबी और वास्तविक कब्जा सौंप दिया जाएगा. इस तरह आवंटन के बाद अब लाभार्थियों के सामने अगला कदम निर्धारित धनराशि जमा कर अपने नए घर का कब्जा हासिल करना है.
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ कार्यक्रम
फ्लैट आवंटन कार्यक्रम का संचालन संपत्ति अधिकारी अनंत शंकर सफरीवाला ने किया. इस दौरान एलडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी, विशेष कार्याधिकारी रविनंदन सिंह सहित प्राधिकरण के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे. कार्यक्रम में आवेदकों ने खुली लॉटरी व्यवस्था की सराहना की.