Last Updated:
UP Vidhanparishad Chunav: उत्तर प्रदेश विधानपरिषद चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया गया है. 11 विधान परिषद सीट के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा और वहीं 27 अक्टूबर को इसके नतीजे आएंगे. नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर तय की गई है.
यूपी विधानपरिषद के चुनाव की तारीख का हुआ ऐलान.
UP MLC Election Date: उत्तर प्रदेश के 11 विधानपरिषद सीट पर होने वाले चुनाव का मंगलवार को औपचारिक घोषणा कर दी गई है. इन सीटों के लिए 23 अक्तूबर को वोटिंग होगी और 27 अक्तूबर को मतगणना होगी. चुनाव आयोग ने इन 11 सीटों पर चुनाव के लिए कार्यक्रम की घोषणा कर दी है. जारी अधिसूचना के मुताबिक नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्तूबर तय की गई है. जिन 11 एमएलसी का कार्यकाल पूरा हो रहा है, उनमें अवनीश कुमार सिंह, आशुतोष सिन्हा, मानवेंद्र प्रताप सिंह, दिनेश गोयल, मान सिंह यादव, उमेश द्विवेदी, लाल बिहारी यादव, आकाश अग्रवाल, हरि सिंह ढिल्लो, ध्रुव कुमार त्रिपाठी और श्रीचंद्र शर्मा शामिल हैं.
बीजेपी पहले ही पांच प्रत्याशियों का कर चुकी है ऐलान
6 दिसंबर को खाली होने वाली एमएलसी की शिक्षक व स्नातक कोटे की 11 सीटों के लिए होने वाले चुनाव के सत्तारुढ़ दल बीजेपी ने पहले ही पांच प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है. भाजपा ने इन 5 सीटों पर सिटिंग एमएलसी को ही टिकट दिया है. बता दें कि जो 11 सीटें खाली हो रही हैं, उनमें से 6 भाजपा के पास पहले से हैं और सपा के पास तीन हैं. जबकि एक शिक्षक दल के पास और एक सीट निर्दलीय के पास है.
कहां कौन दावेदार
दरअसल, जिन 6 सीटों पर पेंच फंसा हुआ है, उनमें सबसे अहम गोरखपुर शिक्षक सीट है. यहां से माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के वर्तमान एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी भाजपा से दावेदार हैं. पिछले चुनाव में वह भाजपा के बाहरी समर्थन से चुनाव जीत गए थे. क्योंकि यहां बीजेपी ने अपने उम्मीदवार नहीं उतारे थे. वहीं अजय सिंह एक बार फिर भाजपा से टिकट की मांग कर रहे हैं. इसके अलावा ग्रेजुएट सीट से चुनाव लड़ चुके संजयन त्रिपाठी अब शिक्षक सीट के लिए ताल ठोंक रहे हैं. वहीं प्रयागराज ग्रेजुएट सीट पर माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के अध्यक्ष सुरेश त्रिपाठी और कई बार एमएलसी रहे यज्ञदत्त शर्मा के बेटे मलज शर्मा भी टिकट के लिए दावेदार बन रहे हैं.
वाराणसी से कौन दावेदार
वाराणसी शिक्षक सीट से रमेश सिंह, डॉ. महेंद्र नाथ राय और डॉ. हरेंद्र राय दावेदार हैं. स्नातक सीट पर तीन बार एमएलसी रहे और पिछली बार चुनाव बारे केदार नाथ सिंह, यूपी बोर्ड के क्षेत्रीय सचिव रहे विनोद राय और संजय सिंह दावेदारी कर रहे हैं. आगरा शिक्षक सीट पर चंदेल गुट के आकाश अग्रवाल इस बार भाजपा से दावेदारी कर रहे हैं. इसके अलावा कर्मचारी नेता हरकिशोर तिवारी और दिनेश वशिष्ठ दावेदारी कर रहे हैं. मेरठ ग्रेजुएट सीट से वर्तमान एमएलसी दिनेश गोयल और अनिल अग्रवाल दावेदार हैं.