Last Updated:
Unique Wedding: उत्तर प्रदेश के बहराइच में शादी का अनोखा मामला आया है. यहां 65 साल के एक शख्स ने अपने अकेलेपन को दूर करने के लिए दूसरी शादी रचाई है. रफीक उर्फ ‘बाबा’ की पहली पत्नी का करीब 14 महीने पहले निधन हो गया था, जिसके बाद वह घर में अकेलेपन से परेशान हो गए थे. बच्चों की रजामंदी और पूरे परिवार के समर्थन के बाद धूमधाम से उनकी बारात निकली और काजी ने उनका निकाह 40 वर्षीय युवती के साथ संपन्न कराया.
65 की उम्र में ‘दादा जी’ की निकली बरात.
बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच से अनोखा मामला आया है. हर कोई धीमी जुबान से इसकी चर्चा कर रहा है. आमतौर पर शादियां कम उम्र में होती हैं, लेकिन बहराइच के बड़ीहाट मोहल्ले के रहने वाले 65 वर्षीय रफीक उर्फ ‘बाबा’ ने इस उम्र में अपने जीवन का एक बड़ा फैसला लेते हुए दूसरी शादी रचा ली है. बुजुर्ग रफीक की यह अनोखी शादी और धूमधाम से निकली उनकी बारात इस समय पूरे जिले में चर्चा का सबसे बड़ा केंद्र बनी हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार, रफीक उर्फ बाबा की पहली पत्नी का इंतकाल करीब 14 महीने पहले हो गया था. उनकी पहली पत्नी के जाने के बाद उनके जवान बच्चे और परिवार के लोग तो साथ थे, लेकिन घर में लगातार महसूस होने वाले अकेलेपन ने उन्हें अंदर से तोड़ दिया था. अकेलेपन का यह अहसास उन्हें बार-बार सताता था. इसी परेशानी से निजात पाने के लिए उन्होंने अपने परिवार के सामने दूसरी शादी करने का प्रस्ताव रखा, जिस पर उनके बच्चों ने भी खुशी-खुशी अपनी सहमति दे दी.
40 साल महिला से रचाई निकाह
बच्चों का हरा झंडा मिलते ही रफीक बाबा का रिश्ता बहराइच शहर से करीब 3 किलोमीटर दूर स्थित शेखदहीर इलाके की रहने वाली लगभग 40 साल की महिला युवती के साथ तय हो गया. तयशुदा कार्यक्रम के मुताबिक, बीती रात रफीक बाबा अपने दोनों बच्चों और चुनिंदा बारातियों के साथ धूमधाम से बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचे. वहां स्थानीय काजी ने विधिवत रूप से निकाह की रस्में पूरी कराईं.
शौक के लिए नहीं की निकाह
दूल्हा बने 65 वर्षीय रफीक बाबा का कहना है कि उन्होंने यह निकाह किसी शौक के लिए नहीं, बल्कि अपने अकेलेपन को दूर करने और जीवन के बाकी दिन सुखद तरीके से बिताने के लिए किया है. उनकी इस शादी का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही हैं, और लोग इस अनोखे निकाह पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.