Last Updated:
PV Sindhu reaches Hylo Open semi final: पीवी सिंधू हाइलो ओपन बैडमिंटन के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं जहां उनका सामना हमवतन 12 साल छोटी अनमोल खरब से होगा. सिंधु ने सेमीफाइनल मैच 27 मिनट में जीत लिया.
पीवी सिंधू हाइलो ओपन बैडमिंटन के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं.
सारब्रकेन (जर्मनी). पीवी सिंधू ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए हाइलो ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली है. सिंंधू ने क्वार्टर फाइनल में जर्मनी की अमाली शुल्ज को सीधे गेम में हराया. सिंधू के सामने अब सेमीफाइनल में हमवतन अनमोल खरब की चुनौती होगी.
19 साल की अनमोल खरब ने एक कड़े मुकाबले में छठी वरीयता प्राप्त उन्नति हुड्डा को तीन गेम में हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. इस तरह महिला एकल वर्ग के सेमीफाइनल में दोनों भारतीय खिलाड़ियों के आमने-सामने होने से भारत का फाइनल में एक स्थान पक्का हो गया है. 31 साल की सिंधू और अनमोल दोनों की नजरें खिताबी मुकाबले में जगह बनाने पर होंगी.
पूर्व विश्व चैंपियन सिंधू ने हाल में फ्रेंच ओपन में उपविजेता रहने के बाद यहां भी शानदार लय जारी रखी. उन्होंने शुल्ज को महज 27 मिनट में 21-12, 21-10 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया. सिंधू पूरे मुकाबले में हावी रहीं और कुल खेले गए 64 अंकों में से 42 अपने नाम किए. उन्होंने एक समय लगातार छह अंक जीते, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन लगातार तीन अंक जीतने का रहा.
भारतीय खिलाड़ी ने पहले गेम में दमदार शुरुआत की और अपनी बढ़त कायम रखते हुए इसे 21-12 से जीत लिया. दूसरे गेम में भी उन्होंने इसी लय को बरकरार रखा और शुल्ज को वापसी का कोई मौका दिए बिना 21-10 से गेम और मैच अपने नाम कर लिया. इससे पहले अनमोल ने एक घंटे आठ मिनट तक चले मुकाबले में उन्नति हुड्डा को 21-17, 18-21, 21-16 से शिकस्त दी.