टेक्सास के सीनेट चुनाव में इन दिनों एक बेहद दिलचस्प नजारा देखने को मिल रहा है. चुनावी रैलियों और तीखे भाषणों के बीच अमेरिकी सीनेट के डेमोक्रेट उम्मीदवार जेम्स टालारिको ने अपनी राजनीतिक चालों से ज्यादा अपने कुकिंग स्किल्स और देसी अंदाज से सोशल मीडिया पर हड़कंप मचा दिया है. टेक्सास के इरविंग शहर के एक भारतीय रेस्टोरेंट में टालारिको ने तवो पर एकदम परफेक्ट और करारा मसाला डोसा बनाकर हर किसी को हैरान कर दिया. ये असल में भारतीयों का दिल जीतने की ‘डोसा पॉलिटिक्स’! ये वीडियो ऐसे समय में सामने आया है जब टेक्सास में दक्षिण एशियाई और भारतीय मूल के मतदाताओं का झुकाव डेमोक्रेट्स की तरफ तेजी से बढ़ रहा है.
जब अमेरिकी नेता ने थामी कलछी
डेमोक्रेट्स की तरफ से सीनेट चुनाव में उम्मीदवार जेम्स टालारिको अपनी सियासी प्रचार के बीच हाल ही में इरविंग के मशहूर रेस्टोरेंट ‘मदिरा एन मसाला’ पहुंचे. वो सिर्फ खाना खाने नहीं आए थे, बल्कि उन्होंने खुद किचन में जाकर भारतीय व्यंजनों के प्रति अपनी दीवानगी जाहिर की.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहा है कि टालारिको कितनी एकाग्रता और सीरियसनेस के साथ डोसा बना रहे हैं. उनके पास खड़ी एक महिला उन्हें निर्देश दे रही थी कि बैटर को तवे पर कैसे फैलाना है और उसे क्रिस्पी कैसे बनाना है. मजेदार बात ये रही कि पहली ही कोशिश में टालारिको ने एक गोल और करारा मसाला डोसा तैयार कर दिया!
इंटरनेट पर क्यों छाया टालारिको का ये अंदाज?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ये वीडियो सामने आते ही लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. एक यूजर ने लिखा, ‘आई लव दिस Guy!’ (मुझे ये बंदा बहुत पसंद है!), तो दूसरे यूजर ने कमेंट किया, ‘ये देखकर बहुत खुशी हुई’. वहीं तीसरे यूजर ने डोसा की तारीफ करते हुए लिखा, ‘दिखने में बेहद स्वादिष्ट लग रहा है’!
अमेरिका जैसे देश में जहां नेताओं को अक्सर आम जनता से कटे हुए और सख्त मिजाज का माना जाता है, वहां किसी अमेरिकी नेता का भारतीय रसोई में जाकर डोसा बनाना एक बहुत बड़ा ‘कल्चरल कनेक्ट’ साबित हो रहा है. भारतीय और दक्षिण एशियाई मूल के मतदाताओं के बीच ये वीडियो एक मास्टरस्ट्रोक की तरह काम कर रहा है.
दक्षिण एशियाई मतदाताओं का बड़ा सर्वे: 66% लोग टालारिको के साथ
ये वायरल वीडियो ऐसे समय में सामने आया है जब साउथ एशियन अमेरिकन वोटर एम्पावरमेंट ऑफ टेक्सस और यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया सैन डिएगो द्वारा एक नया सर्वे जारी किया गया है. इस सर्वे के आंकड़े बताते हैं कि टेक्सास में दक्षिण एशियाई मतदाता डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों की तरफ भारी मात्रा में झुके हुए हैं.
- 66% समर्थन: सीनेट की रेस में पंजीकृत दक्षिण एशियाई मतदाताओं ने रिपब्लिकन उम्मीदवार केन पैक्सटन (21%) के मुकाबले डेमोक्रेट जेम्स टालारिको को भारी समर्थन दिया है.
- गवर्नर की रेस: गवर्नर पद के चुनाव में 63% लोगों ने डेमोक्रेट गीना हिनोजोसा का समर्थन किया, जबकि रिपब्लिकन ग्रेग एबॉट को सिर्फ 27% वोट मिले.
- भेदभाव और चिंताएं: सर्वे में ये भी सामने आया कि 58% दक्षिण एशियाई लोगों ने पिछले एक साल में नस्ल, धर्म या विदेशी मूल के आधार पर ऑनलाइन उत्पीड़न या धमकियों जैसी नफरत का सामना किया है.
डेमोक्रेट उम्मीदवार जेम्स टालारिको ने बनाया मसाला डोसा (Video Credit- https://www.youtube.com/shorts/hXIPdIbW12w / Youtube)
टेक्सस की जंग: केन पैक्सटन के खिलाफ कांटे की टक्कर
जेम्स टालारिको इस समय अमेरिका के सबसे चर्चित और कठिन राजनीतिक मुकाबलों में से एक में फंसे हुए हैं. इस चुनाव में उनका मुकाबला रिपब्लिकन पार्टी के दिग्गज और टेक्सास के अटॉर्नी जनरल केन पैक्सटन से है. ये सीट इस समय अमेरिकी राजनीति का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट बनी हुई है.
हाल ही में ‘टेक्सास सदर्न यूनिवर्सिटी’ द्वारा जारी एक नए पोल के मुताबिक, टालारिको अपने प्रतिद्वंद्वी केन पैक्सटन से 2 प्रतिशत की बढ़त बनाए हुए हैं, जहां 49% संभावित मतदाता उनके समर्थन में हैं जबकि 47% पैक्सटन के साथ खड़े हैं. पैक्सटन के खिलाफ 57% लोग असंतुष्ट नजर आ रहे हैं, जिससे टालारिको की स्थिति और मजबूत हुई है.
क्या डोसा पॉलिटिक्स दिलाएगी जीत?
जनता का दिल जीतने के लिए केवल भाषण ही नहीं, बल्कि उनके कल्चर में शामिल होना भी उतना ही असरदार होता है. एक तरफ जहां दक्षिण एशियाई समुदाय भेदभाव के खिलाफ बदलाव चाहता है, वहीं टालारिको का ये सादगी भरा और फूड-लवर अंदाज उन्हें भारतीय समुदाय के और करीब ले आया है. अब देखना ये होगा कि क्या ये ‘डोसा पॉलिटिक्स’ उन्हें अमेरिकी संसद के गलियारों तक पहुंचाने में कामयाब होती है या नहीं!