gorakhpur motihari fake currency gang busted one arrested with twenty lakh rupees

gorakhpur motihari fake currency gang busted one arrested with twenty lakh rupees


Last Updated:

Motihari Crime News: मोतिहारी पुलिस ने जाली नोट गिरोह का खुलासा करते हुए हरसिद्धि से करीब 20 लाख रुपये के साथ यूपी के रोहित कुमार शाही को गिरफ्तार किया. आरोपी के मोबाइल से जाली नोटों के चैट-वीडियो मिले हैं. बेतिया में छापेमारी कर कारतूस भी बरामद किए गए हैं, तथा फरार आरोपियों की तलाश जारी है.

Zoom

पूर्वी चंपारण जिले में पुलिस ने जाली नोट के कारोबार और रुपये की हेराफेरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है.(सांकेतिक फोटो-एआई)

Motihari Fake Currency Case: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पुलिस ने जाली नोट के कारोबार और रुपये की हेराफेरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है. हरसिद्धि थाना क्षेत्र के मानिकपुर चौक पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को 19 लाख 98 हजार 500 रुपये के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बरहलगंज थाना क्षेत्र निवासी रोहित कुमार शाही (35) के रूप में हुई है. पुलिस को उसके मोबाइल फोन से जाली नोट के कारोबार से जुड़े संदिग्ध चैट और वीडियो मिले हैं. मामले की जांच के दौरान बेतिया में छापेमारी कर 10 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं.

अरेराज एसडीपीओ पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि डायल-112 की पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि यूपी नंबर की एक फॉर्च्यूनर और उसके पीछे चल रही नेक्सन कार में सवार कुछ लोग मोतिहारी से अरेराज की ओर जा रहे हैं. सूचना के बाद एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर डीएसपी के नेतृत्व में हरसिद्धि पुलिस को कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.

पुलिस को देखकर भागने लगी कार, बैग लेकर भाग रहा आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मानिकपुर चौक पर वाहन जांच शुरू की. इसी दौरान फॉर्च्यूनर कार तेजी से निकल गई. उसके पीछे आ रही नेक्सन कार को पुलिस ने जांच के लिए रोका. इसी बीच कार से उतरकर बैग लेकर भागने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को पुलिसकर्मियों ने पकड़ लिया. नेक्सन कार में सवार अन्य लोग फरार होने में सफल रहे. पुलिस ने गिरफ्तार व्यक्ति के बैग की तलाशी ली तो उसमें 500 रुपये के नोटों के 40 बंडल मिले. इनमें कुल 3997 नोट थे. जिनकी कीमत 19 लाख 98 हजार 500 रुपये बताई गई है. पूछताछ के दौरान आरोपी रुपये के स्रोत के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. पुलिस के अनुसार वह लगातार अपना बयान बदल रहा था. बरामद राशि से संबंधित कोई वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर पाया.

मोबाइल में मिले जाली नोट से जुड़े चैट और वीडियो
एसडीपीओ पंकज मिश्रा ने बतलाया कि गिरफ्तार आरोपी का मोबाइल फोन जांच के लिए खंगाला. जांच के दौरान फॉर्च्यूनर कार में सवार सोनू सिंह के साथ जाली नोट के कारोबार से संबंधित संदिग्ध चैट मिली. इसके अलावा मोबाइल के रीसायकल बिन में एक ही नंबर वाले पांच नोटों की तस्वीरें भी मिलीं. पुलिस को फेक करेंसी से संबंधित कई वीडियो भी मिले हैं. पुलिस के अनुसार पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि फॉर्च्यूनर और नेक्सन कार में सवार लोग गोरखपुर के रहने वाले हैं. बेतिया में जाली नोट के कारोबार से जुड़े हैं. पुलिस इस जानकारी की जांच कर रही है.

बेतिया में छापेमारी, घर से मिले 10 जिंदा कारतूस
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों और कथित कारोबार से जुड़े लोगों की तलाश में मोतिहारी और बेतिया में कई ठिकानों पर छापेमारी की. इस दौरान पश्चिमी चंपारण जिले के बानुछापर थाना क्षेत्र के बेलवा निवासी अशोक मिश्रा के घर से .350 बोर के 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए. इस मामले में बानुछापर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. अशोक मिश्रा पर नोटों की हेराफेरी से संबंधित करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं.

फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है. फॉर्च्यूनर और नेक्सन कार में सवार फरार लोगों की तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जाली नोटों की बरामदगी और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.



Source link