Last Updated:
रीवा के न्यू बस स्टैंड के पास महज 10 रुपये किराए को लेकर ई-रिक्शा चालक और सवारी के बीच जमकर मारपीट हो गई. समान थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में दोनों पक्षों के बीच सड़क पर लात-घूंसे चले. हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल पुलिस थाने से कुछ ही दूरी पर है. मारपीट के दौरान किसी राहगीर ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
रीवा. रीवा जिले से कानून व्यवस्था और सरेराह गुंडागर्दी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां न्यू बस स्टैंड के पास महज 10 रुपये के किराए को लेकर एक ई-रिक्शा चालक और सवारी के बीच जमकर लात-घूंसे चले. व्यस्त सड़क के बीचो बीच हुई इस मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हैरान करने वाली बात यह है कि यह पूरी घटना पुलिस थाने से चंद कदमों की दूरी पर घटी.
जानकारी के अनुसार, घटना समान थाना क्षेत्र के न्यू बस स्टैंड के समीप की है. एक युवक ई-रिक्शा में सवार होकर आया था. गंतव्य पर पहुंचने के बाद जब ई-रिक्शा चालक ने नियमानुसार उससे 10 रुपये किराया मांगा, तो युवक भड़क गया. दोनों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई.
नाराज युवक ने आपा खो दिया और ई-रिक्शा चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी. दोनों ओर से बीच सड़क पर लात-घूंसे चलने लगे. इस दौरान सड़क पर ट्रैफिक थम गया और आने-जाने वाले लोग मूकदर्शक बनकर तमाशा देखते रहे. वहीं किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब इंटरनेट पर जमकर शेयर किया जा रहा है.
आरोपियों की शिनाख्त में जुटी पुलिस
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जहां यह पूरा हाई वोल्टेज ड्रामा और मारपीट हुई, वहां से समान थाना महज कुछ ही दूरी पर स्थित है. थाने के इतने करीब दिनदहाड़े हुई इस गुंडागर्दी ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की शिनाख्त में जुट गई है. मामूली किराए को लेकर हुई इस घटना ने शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.