Last Updated:
Saudi Arabia hit by Houthi Missiles: यमन में हूतियों और सऊदी समर्थित सरकार के बीच चल रहे संघर्ष की वजह से जंग की आंच सऊदी के हवाई अड्डों और सैन्य बेस तक भी पहुंच रही है. हूतियों के प्रवक्ता याह्या सरी ने दावा किया है कि मिसाइलें और ड्रोन छोड़कर इस अड्डों को निशाना बनाया गया है.
हूतियों ने फिर किए सऊदी के ठिकानों पर हमले. (ANI)
सना: यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर बड़े हमले करने का दावा किया है. हूतियों के मुताबिक, उन्होंने सऊदी अरब के तेल संयंत्रों, हवाई अड्डों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए कुल 6 मिसाइल और ड्रोन हमले किए. इन हमलों के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया है. समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक हूती संगठन के सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने अपने बयान में हमलों की जानकारी दी. ये बयान हूतियों के नियंत्रण वाले अल-मसीराह टीवी चैनल पर प्रसारित किया गया.
इसके अलावा सऊदी अरब के दक्षिणी सीमावर्ती इलाके नजरान में सेना के कमांड सेंटर पर भी हमला किया गया. याह्या सरी ने दावा किया कि इस कार्रवाई में कई सैनिक और सैन्य अधिकारी मारे गए या घायल हुए हैं. हालांकि इन दावों की सऊदी अरब की ओर से पुष्टि नहीं की गई है. हूतियों ने इन हमलों को यमन में उनके कब्जे वाले इलाकों पर सऊदी अरब की हालिया सैन्य कार्रवाई का जवाब बताया है.
बैलिस्टिक मिसाइलों से तेल ठिकानों पर हमला
सरिया ने बताया कि 3 बैलिस्टिक मिसाइलों से सऊदी अरब के प्रमुख तेल ठिकानों पर हमला किया गया. इन हमलों में पूर्वी प्रांत की रास तानूरा रिफाइनरी और अब्काइक स्थित सऊदी अरामको की तेल सुविधाओं को निशाना बनाया गया. इसके अलावा लाल सागर के किनारे स्थित राबिग रिफाइनरी पर भी हमला करने का दावा किया गया है. हूती प्रवक्ता के मुताबिक सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मिसाइलें दागी गईं. वहीं, दम्मम शहर के किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को ड्रोन के जरिए निशाना बनाया गया. हूतियों का दावा है कि इन हमलों से हवाई यातायात प्रभावित हुआ.
सऊदी ने किया मिसाइलें रोकने का दावा
दूसरी तरफ सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने बताया कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने रियाद की ओर आ रही दो बैलिस्टिक मिसाइलों को बीच रास्ते में ही रोककर नष्ट कर दिया. वहीं हूतियों का आरोप है कि सऊदी हवाई हमलों में यमन में 27 लोगों की मौत हुई है. गौरतलब है कि यमन में 2014 से गृहयुद्ध जारी है. उस साल हूतियों ने राजधानी सना समेत देश के बड़े हिस्से पर कब्जा कर लिया था. इसके बाद 2015 में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने यमन की सरकार के समर्थन में सैन्य कार्रवाई शुरू की थी. इन हमलों के बाद इलाके में तनाव बढ़ने की आशंका है.