Last Updated:
Firozabad News: फिरोजाबाद नगर निगम ने पारदर्शिता के लिए शहर को तीन जोन में बांटा है. ककरऊ कोठी पर 10 करोड़ की लागत से पहला तीन मंजिला कांच का जोनल कार्यालय तैयार हुआ है, जहां लिफ्ट और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी. इस नए जोनल कार्यालय में लोगों के बैठने के लिए अच्छी व्यवस्था, साफ-सुथरा परिसर और सभी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं. यहां आने वाले हर व्यक्ति को सम्मान के साथ सुविधा मिलेगी. अक्सर देखा जाता है कि नगर निगम में बुजुर्ग लोग अपनी समस्याओं को लेकर आते हैं और उन्हें सीढ़ियां चढ़ने में काफी दिक्कत होती है. इसी समस्या को समझते हुए इस तीन मंजिला इमारत में लिफ्ट भी लगाई गई है
फिरोजाबाद: नगर निगम ने शहरवासियों की सुविधा और काम में पारदर्शिता लाने के लिए एक अनोखी पहल की है. लोगों की समस्याओं को देखते हुए पूरे शहर को तीन जोन में बांटा गया है और हर जोन के लिए अलग-अलग जोनल कार्यालय बनाए जा रहे हैं. करोड़ों रुपए की लागत से शहर का पहला जोनल कार्यालय ककरऊ कोठी पर बनकर तैयार हो चुका है, जो अपनी खास डिजाइन की वजह से चर्चा में है. यह सिर्फ एक सरकारी कार्यालय नहीं, बल्कि पारदर्शिता की मिसाल है.
तीन मंजिला इमारत में लोगों के लिए खास सुविधा
लोकल 18 से खास बातचीत में नगर निगम की मेयर कामिनी राठौर ने बताया कि यह पहला ऐसा जोनल कार्यालय है, जिसे पूरी तरह से कार्य की पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है. इस कार्यालय की सबसे बड़ी खासियत इसकी बनावट है. यह तीन मंजिला इमारत पूरी तरह से शीशे से तैयार की गई है. सभी कार्यालयों की दीवारें कांच की बनाई गई हैं. मेयर कामिनी राठौर ने बताया कि ऐसा इसलिए किया गया है ताकि अंदर होने वाला हर काम बाहर से दिखे और काम में पारदर्शिता बनी रहे. कोई भी काम छिपा हुआ न हो, जनता सब कुछ अपनी आंखों से देख सके. इस नए कार्यालय में आम लोगों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है. मेयर ने बताया कि पहले लोगों को नगर निगम के पुराने और जर्जर भवन में जाना पड़ता था, जहां ठीक से बैठने तक की सुविधा नहीं थी. लोगों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए भी घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता था.
आधुनिक सुविधाओं से है लैस
इस नए जोनल कार्यालय में लोगों के बैठने के लिए अच्छी व्यवस्था, साफ-सुथरा परिसर और सभी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं. यहां आने वाले हर व्यक्ति को सम्मान के साथ सुविधा मिलेगी. अक्सर देखा जाता है कि नगर निगम में बुजुर्ग लोग अपनी समस्याओं को लेकर आते हैं और उन्हें सीढ़ियां चढ़ने में काफी दिक्कत होती है. इसी समस्या को समझते हुए इस तीन मंजिला इमारत में लिफ्ट भी लगाई गई है, ताकि बुजुर्गों और दिव्यांगों को तीसरी मंजिल तक जाने में किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
10 करोड़ की लागत से तैयार हुआ जोनल कार्यालय
इस अत्याधुनिक जोनल कार्यालय को लगभग 10 करोड़ की लागत से तैयार किया गया है. मेयर ने कहा कि इस कार्यालय के शुरू होने से अब लोगों को नगर निगम से जुड़े सभी कार्यों के लिए एक जगह से दूसरी जगह भटकना नहीं पड़ेगा. अब हाउस टैक्स, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, सफाई और अन्य सभी कार्य इसी कार्यालय पर पूरी पारदर्शिता और तेजी के साथ होंगे. इसके अलावा जल्द ही दो अन्य जोनल कार्यालय भी आम जनता के लिए शुरू किए जाएंगे.