शिवराज सिंह चौहान की मां का निधन, AIIMS में ली अंतिम सांस, 1 हफ्ते से वेंटिलेटर पर थीं काशीबाई

शिवराज सिंह चौहान की मां का निधन, AIIMS में ली अंतिम सांस, 1 हफ्ते से वेंटिलेटर पर थीं काशीबाई


Last Updated:

Shivraj Singh Chouhan mother Death: केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मां काशीबाई का शुक्रवार सुबह भोपाल एम्स में निधन हो गया. वह 76 साल की थीं. काशीबाई सांस संबंधी बीमारी के कारण एक सप्ताह से भर्ती थीं. अंतिम संस्कार सीहोर के जैत गांव में होगा. शिवराज ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं.

ख़बरें फटाफट

Zoom

शिवराज सिंह की मां का 76 की उम्र में निधन हो गया.

रिपोर्ट- आचार्य शिवकांत, भोपाल. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मां काशीबाई का शुक्रवार सुबह निधन हो गया. उन्होंने भोपाल के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली. काशीबाई करीब 76 साल की थीं और पिछले एक सप्ताह से अस्पताल में भर्ती थीं. उन्हें सांस संबंधी बीमारी के चलते एम्स में भर्ती कराया गया था. हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा था. हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका.

काशीबाई के निधन की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों के मुताबिक, काशीबाई पिछले करीब सात दिनों से भोपाल एम्स में भर्ती थीं. सांस लेने में परेशानी होने के कारण उन्हें अस्पताल लाया गया था. स्वास्थ्य बिगड़ने पर उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट दिया गया था.

पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार

काशीबाई का पार्थिव शरीर शुक्रवार सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक भोपाल के साकेत नगर स्थित निवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा. यहां परिजन, रिश्तेदार और शुभचिंतक उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे. इसके बाद पार्थिव शरीर को सीहोर जिले के जैत गांव ले जाया जाएगा. गांव में दोपहर 3 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा. जैत गांव शिवराज सिंह चौहान का पैतृक गांव है.

शिवराज सिंह चौहान ने कैंसिल किए तय कार्यक्रम

मां काशीबाई के निधन के बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं. शिवराज सिंह चौहान को शुक्रवार को रायसेन जिले में आयोजित किसान सम्मेलन में शामिल होना था. इस कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी प्रस्तावित थी, लेकिन परिवार में शोक के चलते अब वे सम्मेलन में शामिल नहीं होंगे. इसके अलावा केंद्रीय कृषि मंत्री के आगे के अन्य कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं. जानकारी के मुताबिक, शिवराज सिंह चौहान परिवार के साथ इस दुख की घड़ी में मौजूद रहेंगे.

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने जताया शोक

मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने काशी बाई के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने दिवंगत काशी बाई को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं. नरेंद्र सिंह तोमर ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है. काशी बाई के निधन से शिवराज सिंह चौहान के परिवार में शोक का माहौल है. अंतिम दर्शन के बाद जैत गांव में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.



Source link