टीम इंडिया की कोचिंग छोड़ने के बाद कहां जाएंगे गंभीर? अभी से मिलने लगे हैं ऑफर
Last Updated:
भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर का कार्यकाल 2027 वनडे विश्व कप तक है. टीम इंडिया की कोचिंग से हटने के बाद गौतम गंभीर का अगला कदम क्या होगा, इसे लेकर अभी से चर्चा तेज हो गई है. हालांकि, यह माना जा रहा है कि विश्व कप के बाद गंभीर के कार्यकाल को ओलंपिक तक के लिए बढ़ाया जा सकता है, लेकिन आईपीएल टीमें अभी से उन्हें अपने साथ जोड़ने में लग गई हैं.
भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर का कार्यकाल 2027 वनडे विश्व कप तक के लिए है. उनके कार्यकाल को खत्म होने में अभी काफी समय बचा हुआ है, लेकिन उससे पहले ही उन्हें नई नौकरी के ऑफर मिलने लगे हैं. ‘दैनिक जागरण’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इंडियन प्रीमियर लीग की कुछ टीमें अभी से उनके संपर्क में हैं. हालांकि, यह अभी तय नहीं है कि गंभीर 2027 के बाद टीम इंडिया के कोच पद से हटेंगे. हो सकता है कि बीसीसीआई उनके कार्यकाल को ओलंपिक तक के लिए बढ़ा दे.
बता दें कि आईपीएल में गंभीर की कोचिंग का ट्रैक रिकॉर्ड शानदार रहा है. लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटोर के तौर पर गंभीर के मार्गदर्शन में टीम दो बार प्लेऑफ में पहुंची. इसके बाद गंभीर 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स के मेंटोर बने और टीम को तीसरी बार चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई. गंभीर खुद अपनी कप्तानी में भी केकेआर को दो बार ट्रॉफी दिला चुके हैं. यही कारण है कि आईपीएल 2028 के लिए अभी से टीमें गौतम गंभीर पर अपनी नजरें गड़ाए हुए हैं.
चार आईपीएल टीमों से मिले हैं गंभीर को ऑफर
रिपोर्ट के मुताबिक, गौतम गंभीर से कुछ समय पहले केकेआर के मैनेजमेंट ने संपर्क किया था. इसके अलावा राजस्थान रॉयल्स ने भी उनसे बातचीत की है. साथ ही आईपीएल की एक सबसे सफल टीम ने भी गौतम गंभीर को कोच बनने की पेशकश की है और एक टीम ऐसी भी है, जिसे अपनी पहली ट्रॉफी का इंतजार है. राजस्थान और केकेआर के अलावा अन्य दो टीमों के नाम का खुलासा नहीं किया गया है.
टी20 में गंभीर को मिली है बंपर सफलता
कोच के तौर पर गौतम गंभीर लिमिटेड ओवरों में काफी सफल रहे हैं. इसी साल उनके मार्गदर्शन में टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप और एशिया कप का खिताब जीता. इसके अलावा उनके अब तक के कार्यकाल में भारतीय टीम ने श्रीलंका, बांग्लादेश, साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और अब न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में जीत हासिल की है. यही कारण है कि गंभीर का कार्यकाल खत्म होने से पहले ही उन्हें नौकरी के ऑफर मिलने लगे हैं.