NTH Recruitment 2026: अगर आप इंजीनियरिंग, केमिस्ट्री, माइक्रोबायोलॉजी, आईटी, एयरोस्पेस, ड्रोन या मैनेजमेंट जैसे क्षेत्र में पढ़ाई कर चुके हैं और सरकारी संस्थान के साथ काम करने का मौका तलाश रहे हैं तो यह भर्ती आपके काम की हो सकती है. उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के तहत आने वाले नेशनल टेस्ट हाउस यानी एनटीएच ने विभिन्न क्षेत्रों में यंग प्रोफेशनल के पदों पर भर्ती निकाली है.आधिकारिक भर्ती पेज पर इस भर्ती का विज्ञापन 11 सितंबर 2026 को जारी किया गया था और 15 सितंबर को इसका शुद्धिपत्र भी जारी हुआ है.
इस भर्ती के जरिए सीनियर और जूनियर यंग प्रोफेशनल के कुल 36 पद भरे जाएंगे. खास बात यह है कि सीनियर यंग प्रोफेशनल के पद पर चयन होने पर 70 हजार रुपये प्रति माह तक का मानदेय मिलेगा जबकि जूनियर यंग प्रोफेशनल के लिए 40 हजार रुपये मासिक मानदेय तय है. आवेदन करने की अंतिम तारीख 25 सितंबर 2026 है.
सरकारी संस्थान में काम करने का मौका
नेशनल टेस्ट हाउस उपभोक्ता मामले विभाग के तहत काम करने वाला केंद्र सरकार का प्रमुख परीक्षण संस्थान है. एनटीएच अलग-अलग तरह के कच्चे और तैयार उत्पादों की टेस्टिंग, मूल्यांकन और कैलिब्रेशन का काम करता है. संस्थान की अलग-अलग शाखाएं कोलकाता, मुंबई, चेन्नई, गाजियाबाद, जयपुर, गुवाहाटी और वाराणसी समेत कई जगहों पर हैं.एनटीएच का काम सिर्फ उत्पादों की जांच तक सीमित नहीं है. यहां यह देखा जाता है कि किसी उत्पाद की गुणवत्ता, सुरक्षा और तकनीकी मानक तय नियमों के अनुरूप हैं या नहीं. संस्थान विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार टेस्टिंग और क्वालिटी इवैल्यूएशन भी करता है.ऐसे में अलग-अलग तकनीकी और मैनेजमेंट बैकग्राउंड वाले युवाओं के लिए यह भर्ती अपने क्षेत्र में काम करने का अवसर देती है.
कुल 36 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती में सीनियर और जूनियर यंग प्रोफेशनल के अलग-अलग पद शामिल हैं. सीनियर स्तर पर टेक्निकल-आरपीपीटी, मैनेजमेंट, माइक्रोबायोलॉजी, इलेक्ट्रिकल और सिविल से जुड़े पद हैं. वहीं जूनियर स्तर पर केमिकल, मैकेनिकल, सिविल, इलेक्ट्रिकल, माइक्रोबायोलॉजी, आरपीपीटी, आईटी, एयरोस्पेस और ड्रोन जैसे क्षेत्रों में अवसर दिए गए हैं.
सीनियर यंग प्रोफेशनल (टेक्निकल-आरपीपीटी) का एक पद एनटीएच गाजियाबाद के लिए है. इसके लिए टेक्सटाइल, फुटवियर, रबर, पॉलिमर या टेक्नोलॉजी में बीई/बीटेक अथवा केमिस्ट्री में एमएससी और संबंधित क्षेत्र में तीन साल का अनुभव मांगा गया है.
सीनियर यंग प्रोफेशनल (मैनेजमेंट) के आठ पद हैं. ये पद एनटीएच कोलकाता के मुख्यालय से जुड़े स्थानों के साथ गाजियाबाद, कोलकाता, मुंबई, चेन्नई, गुवाहाटी और औरंगाबाद के लिए हैं.इसके लिए पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा या एमबीए और तीन साल का अनुभव होना चाहिए.
सीनियर यंग प्रोफेशनल टेक्निकल से जुड़े माइक्रोबायोलॉजी पदों के लिए मुंबई और जयपुर में दो पद हैं. सीनियर यंग प्रोफेशनल टेक्निकल-इलेक्ट्रिकल के भी मुंबई और जयपुर में दो पद हैं वहीं सीनियर यंग प्रोफेशनल टेक्निकल-सिविल का एक पद चेन्नई के लिए है. इन सीनियर पदों में संबंधित योग्यता के साथ तीन साल का अनुभव जरूरी है.
जूनियर पदों पर वैकेंसी
जूनियर यंग प्रोफेशनल के पदों में भी अलग-अलग तकनीकी क्षेत्रों के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं.
जूनियर यंग प्रोफेशनल टेक्निकल-केमिकल का एक पद चेन्नई और कोलकाता के लिए है. इसके लिए एमएससी केमिस्ट्री या बीटेक केमिकल इंजीनियरिंग और एक साल का अनुभव मांगा गया है.
जूनियर यंग प्रोफेशनल टेक्निकल-मैकेनिकल के चार पद हैं. ये कोलकाता, मुंबई, चेन्नई और औरंगाबाद के लिए हैं. इसके लिए मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीई या बीटेक और कम से कम एक साल का कार्य अनुभव होना चाहिए.
जूनियर यंग प्रोफेशनल टेक्निकल-सिविल के तीन पद गाजियाबाद, चेन्नई और गुवाहाटी के लिए हैं. इसके लिए सिविल इंजीनियरिंग में बीई या बीटेक और कम से कम एक साल का अनुभव जरूरी है.
जूनियर यंग प्रोफेशनल टेक्निकल-इलेक्ट्रिकल के तीन पद गाजियाबाद, कोलकाता और बेंगलुरु के लिए हैं. उम्मीदवार के पास इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीई या बीटेक की डिग्री और एक साल का अनुभव होना चाहिए.
माइक्रोबायोलॉजी, आरपीपीटी और आईटी वालों के लिए भी अवसर
माइक्रोबायोलॉजी क्षेत्र में जूनियर यंग प्रोफेशनल के दो पद मुंबई और जयपुर के लिए हैं. इसके लिए एमएससी माइक्रोबायोलॉजी या बीटेक माइक्रोबायोलॉजी के साथ एक साल का अनुभव मांगा गया है.
जूनियर यंग प्रोफेशनल टेक्निकल-आरपीपीटी के तीन पद गाजियाबाद, वाराणसी और गुवाहाटी के लिए हैं. इसके लिए टेक्सटाइल, फुटवियर, रबर, पॉलिमर या टेक्नोलॉजी में बीई/बीटेक अथवा एमएससी केमिस्ट्री और एक साल का अनुभव होना चाहिए.आईटी क्षेत्र में भी तीन पद हैं.ये कोलकाता, मुंबई और गुवाहाटी के लिए हैं. इसके लिए कंप्यूटर साइंस में बीटेक, एमटेक या मास्टर्स ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन की डिग्री और संबंधित क्षेत्र में एक साल का अनुभव मांगा गया है.
एयरोस्पेस और ड्रोन के लिए भी पद
इस भर्ती की खास बात यह है कि इसमें एयरोस्पेस और ड्रोन जैसे क्षेत्रों के उम्मीदवारों के लिए भी जगह है.
जूनियर यंग प्रोफेशनल टेक्निकल-एयरोस्पेस का एक पद बेंगलुरु के लिए है. इसके लिए मैकेनिकल, एयरोस्पेस या एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग में बीई/बीटेक अथवा मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग या मटेरियल साइंस में बीई/बीटेक और कम से कम एक साल का अनुभव मांगा गया है.
ड्रोन से जुड़े जूनियर यंग प्रोफेशनल के लिए गाजियाबाद में एक पद है. इसके लिए एयरोनॉटिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल, कंप्यूटर साइंस, आईटी या मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीई/बीटेक अथवा समकक्ष योग्यता और कम से कम एक साल का अनुभव होना चाहिए.
उम्र सीमा भी देख लें
योग्यता पूरी होने के साथ उम्मीदवारों को उम्र सीमा का भी ध्यान रखना होगा. आवेदन की अंतिम तारीख यानी 25 सितंबर 2026 को जूनियर यंग प्रोफेशनल पद के लिए उम्मीदवार की उम्र 35 वर्ष से ज्यादा नहीं होनी चाहिए. वहीं सीनियर यंग प्रोफेशनल के पद के लिए अधिकतम उम्र सीमा 38 वर्ष रखी गई है.
इसलिए आवेदन करने से पहले उम्मीदवार को जिस पद के लिए आवेदन करना है, उसकी योग्यता, अनुभव और उम्र से जुड़ी शर्तों को नवीनतम नोटिफिकेशन में जरूर मिलाना चाहिए. एनटीएच की आधिकारिक वेबसाइट पर इस भर्ती का विज्ञापन और 15 सितंबर का शुद्धिपत्र उपलब्ध है.
सीनियर को ₹70 हजार, जूनियर को ₹40 हजार मानदेय
इस भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार अच्छा मासिक मानदेय मिलेगा. सीनियर यंग प्रोफेशनल के पद पर चयन होने वाले उम्मीदवारों को 70,000 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे. अगर कार्यकाल बढ़ाया जाता है तो इसमें हर साल 5,000 रुपये की बढ़ोतरी का प्रावधान है वहीं जूनियर यंग प्रोफेशनल को हर महीने 40,000 रुपये मानदेय मिलेगा. कार्यकाल बढ़ने की स्थिति में इस पद पर भी 5,000 रुपये की बढ़ोतरी हो सकती है.ध्यान देने वाली बात यह है कि यह नियमित सरकारी नौकरी नहीं, बल्कि कॉन्ट्रैक्ट बेस पर यंग प्रोफेशनल की नियुक्ति है. नियुक्ति एक साल के लिए होगी. प्रदर्शन के आधार पर कॉन्ट्रैक्ट को अधिकतम चार साल तक आगे बढ़ाया जा सकता है.
आवेदन कैसे करना होगा?
इस भर्ती में आवेदन का तरीका सामान्य ऑनलाइन भर्ती फॉर्म से अलग है. आवेदन का निर्धारित फॉर्मेट नोटिफिकेशन में दिया गया है. उम्मीदवार को उस फॉर्मेट में आवेदन भरना होगा और जरूरी दस्तावेजों के साथ अपना लेटेस्ट सीवी लगाकर संबंधित एनटीएच लोकेशन के ईमेल पर भेजना होगा यानी उम्मीदवार को आवेदन भेजने से पहले यह देखना होगा कि वह जिस पद और लोकेशन के लिए आवेदन कर रहा है उसके लिए संबंधित डायरेक्टर या कार्यालय की कौन-सी ईमेल आईडी दी गई है.
किस लोकेशन के लिए किस ईमेल पर आवेदन?
डीजी कैंप ऑफिस, एनटीएच मुख्यालय गाजियाबाद के लिए दिए गए ईमेल के अलावा एनटीएच की अलग-अलग शाखाओं के लिए अलग ईमेल आईडी निर्धारित हैं. एनटीएच गाजियाबाद और मुख्यालय कोलकाता के लिए डीजी ऑफिस की ईमेल आईडी दी गई है. एनटीएच कोलकाता के लिए डायरेक्टर कोलकाता, चेन्नई के लिए डायरेक्टर चेन्नई, मुंबई के लिए डायरेक्टर मुंबई, औरंगाबाद के लिए डायरेक्टर औरंगाबाद, जयपुर के लिए डायरेक्टर जयपुर, गुवाहाटी के लिए डायरेक्टर गुवाहाटी, बेंगलुरु के लिए डायरेक्टर बेंगलुरु और वाराणसी के लिए डायरेक्टर वाराणसी को आवेदन भेजना होगा.उम्मीदवार आवेदन भेजते समय यह जरूर जांच लें कि ईमेल सही लोकेशन के लिए भेजा जा रहा है और आवेदन के साथ मांगे गए सभी दस्तावेज तथा लेटेस्ट सीवी संलग्न हैं.
25 सितंबर है आवेदन की अंतिम तारीख
इस भर्ती के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 25 सितंबर 2026 है यानी उम्मीदवारों के पास आवेदन भेजने के लिए ज्यादा समय नहीं है. आवेदन ईमेल के माध्यम से भेजा जाना है इसलिए अंतिम दिन का इंतजार करने के बजाय उम्मीदवारों को पहले ही अपना आवेदन तैयार कर लेना चाहिए.साथ ही एनटीएच की वेबसाइट पर 15 सितंबर 2026 को इस भर्ती से जुड़ा शुद्धिपत्र जारी किया गया है. इसलिए आवेदन भेजने से पहले उम्मीदवारों के लिए नवीनतम विज्ञापन और शुद्धिपत्र को पढ़ना जरूरी है ताकि योग्यता, पद, स्थान और आवेदन से जुड़ी किसी संशोधित जानकारी को नजरअंदाज न किया जाए.