Last Updated:
Jaipur Me Vidhayak Ke Ghar Chori: जयपुर के सिविल लाइंस इलाके में वीवीआईपी जोन स्थित भाजपा विधायक प्रताप सिंह सिंघवी के घर चोरी हुई. नकाबपोश चोर खिड़की तोड़कर डेढ़ लाख नकदी चुरा ले गया. वारदात के वक्त घर में 10 सदस्य सो रहे थे. देर रात एक नकाबपोश चोर घर के पीछे की ओर पहुंचा. वहां किचन की खिड़की की ग्रिल तोड़कर वह अंदर घुस गया. इसके बाद घर में रखी नकदी और आर्टिफिशियल ज्वेलरी लेकर फरार हो गया. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात के दौरान घर में 10 से अधिक सदस्य मौजूद थे और सभी सो रहे थे. आरोपी करीब एक घंटे तक घर के अंदर रहा, लेकिन किसी को उसके आने-जाने का पता नहीं चला.
जयपुर में भाजपा विधायक के घर चोरी, डेढ़ लाख नकदी उड़ाई.
वारदात के समय घर में परिवार के 10 से ज्यादा सदस्य सो रहे थे. इसके बावजूद किसी को चोरी की भनक नहीं लगी. शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी घर के पीछे की तरफ से किचन की खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर दाखिल हुआ था. बताया जा रहा है कि वह करीब एक घंटे तक घर के भीतर रहा और फिर चोरी करके फरार हो गया.
घटना जयपुर के सिविल लाइंस इलाके में हरी मार्ग स्थित विधायक प्रताप सिंह सिंघवी के आवास की है. देर रात एक नकाबपोश चोर घर के पीछे की ओर पहुंचा. वहां किचन की खिड़की की ग्रिल तोड़कर वह अंदर घुस गया. इसके बाद घर में रखी नकदी और आर्टिफिशियल ज्वेलरी लेकर फरार हो गया. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात के दौरान घर में 10 से अधिक सदस्य मौजूद थे और सभी सो रहे थे. आरोपी करीब एक घंटे तक घर के अंदर रहा, लेकिन किसी को उसके आने-जाने का पता नहीं चला. सुबह जब चोरी की जानकारी सामने आई तो परिवार में हलचल मच गई. चोरी गई नकदी करीब 1 लाख 25 हजार से डेढ़ लाख रुपये तक बताई जा रही है. इसके अलावा आरोपी आर्टिफिशियल ज्वेलरी भी ले गया.
पंचायत चुनाव के सिलसिले में छबड़ा में थे विधायक
चोरी की घटना के समय भाजपा विधायक प्रताप सिंह सिंघवी जयपुर में नहीं थे. वह पंचायत चुनाव के सिलसिले में अपने निर्वाचन क्षेत्र छबड़ा में मौजूद थे. सुबह जब उन्हें अपने जयपुर स्थित आवास में चोरी होने की जानकारी मिली तो उन्होंने जयपुर पुलिस कमिश्नर से फोन पर बातचीत की. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. सूचना मिलने पर सोडाला थाना पुलिस और डीसीपी दक्षिण राजर्षि राज मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की.
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट सहित दूसरे साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि नकाबपोश चोर की पहचान की जा सके और उसके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके. आरोपी ने जिस तरह घर के पीछे से किचन की खिड़की की ग्रिल तोड़कर प्रवेश किया, उससे पुलिस वारदात से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस आरोपी की पहचान और उसकी तलाश में जुटी है.
राजभवन से 300 मीटर और CM आवास से 500 मीटर दूर है घर
इस चोरी की घटना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल इसलिए भी उठ रहे हैं, क्योंकि विधायक का आवास जयपुर के बेहद अहम इलाके में स्थित है. हरी मार्ग पर मौजूद यह घर राजभवन से करीब 300 मीटर और मुख्यमंत्री निवास से लगभग 500 मीटर की दूरी पर बताया जा रहा है. आसपास कई मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों के आवास भी हैं. ऐसे इलाके में देर रात नकाबपोश चोर का घर में घुसना और करीब एक घंटे तक अंदर रहकर चोरी करना चर्चा का विषय बन गया है. परिवार के कई सदस्यों के घर में मौजूद होने के बावजूद किसी को वारदात का पता नहीं चला.