आखिरकार पाकिस्तान का भी खुला खाता, एशियन गेम्स क्रिकेट में जीता ब्रॉन्ज मेडल
Last Updated:
Asian Games 2026 Pakistan first medal: एक तरफ जहां भारतीय टीम एशियन गेम्स 2026 में अबतक आधा दर्जन से ज्यादा मेडल जीत चुकी है तो दूसरी ओर पाकिस्तानी दल ले-देकर अपना खाता खोल पाई है. महिला क्रिकेट इवेंट में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीतने में कामयाबी हासिल की है.
एशियन गेम्स में पाकिस्तान ने ब्रॉन्ज मेडल जीता
निशिन: आखिरकार पाकिस्तान ने एशियन गेम्स में अपना खाता खोल ही लिया. महिला क्रिकेट टीम ने तीसरी पोजिशन के लिए खेले गए प्लेऑफ मुकाबले में बांग्लादेश को हराते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया. इस तरह पाकिस्तानी टीम भारत के साथ पोडियम फिनिश करेगी, जो श्रीलंका के खिलाफ गोल्ड मेडल जीतने की प्रबल दावेदार है.
31 रन से हार गई बांग्लादेश
ब्रॉन्ज मेडल जीतने में भी पाकिस्तान के पसीने छूट गए. टीम 12वें ओवर में पांच विकेट पर 67 रन बनाकर मुश्किल में थी तभी फातिमा सना क्रीज पर आईं और 30 गेंदों में 45 रन बनाए, जिससे पाकिस्तान का स्कोर 145 तक पहुंच गया. यह स्कोर बांग्लादेश के लिए बहुत ज्यादा साबित हुआ क्योंकि पूरी टीम मिलकर 114 रन ही बना पाई और 31 रन से मुकाबला गंवा बैठी.
एक वक्त मुश्किल में थी पाकिस्तानी टीम
पाकिस्तान के लिए उम्म-ए-हानी ने चार ओवर्स में 10 रन देकर 3 विकेट लिए. सेमीफाइनल में भारत से हारने वाली बांग्लादेशी टीम ने इस मैच में 120 में से 43 बॉल डॉट खेली. टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने वाली पाकिस्तानी टीम को गुल फिरोजा और शवाल जुल्फिकार ने सातवें ओवर तक ओपनिंग पार्टनरशिप टूटने से पहले 41 गेंदों में 46 रन बना लिए थे. इसके बाद जल्दी-जल्दी पांच विकेट गिर गए. मगर फातिमा सना ने छठे विकेट के लिए आलिया रियाज के साथ अच्छी साझेदारी की. आलिया ने 22 गेंदों में 25 रन बनाए और सना के साथ मिलकर सिर्फ 43 गेंदों में 67 रन जोड़े. इन दोनों ने मिलकर पांच छक्के लगाए, जिससे बांग्लादेश का मनोबल टूट गया.
पाकिस्तान के लिए उम्म-ए-हानी की खतरनाक बॉलिंग
एक वक्त जो पाकिस्तानी टीम 100 रन के आसपास सिमटती नजर आ रही थी उसका स्कोर अचानक 150 के करीब पहुंच गया. इसके बाद उम्म-ए-हानी ने तीसरे, पांचवें और फिर 16वें ओवर में विकेट लिए. तब तक बांग्लादेश मुश्किल में फंस चुका था. पांच ओवर से भी कम बचे थे और स्कोर 5 विकेट पर 77 रन था. सीनियर खिलाड़ी शर्मिन अख्तर ने जरूर 45 गेंदों में नाबाद 46 रन बनाए, लेकिन पाकिस्तान ने आसानी से 31 रन से मैच अपने नाम कर लिया.