पति की सलामती के लिए व्रत ही नहीं, सुरक्षा भी, बिसाऊ के चेजारा दंपती की अनोखी पहल ने खींचा लोगों का ध्यान

पति की सलामती के लिए व्रत ही नहीं, सुरक्षा भी, बिसाऊ के चेजारा दंपती की अनोखी पहल ने खींचा लोगों का ध्यान


Last Updated:

Karwa Chauth Special: बिसाऊ के वार्ड 13 में रहने वाले चेजारा दंपती पिछले 17 साल से करवाचौथ के पर्व पर व्रत रखने के साथ पति को हेलमेट पहनाकर सड़क सुरक्षा का संदेश दे रहे हैं. यह अनूठी परंपरा उनके रिश्ते की खास पहचान बन चुकी है.

ख़बरें फटाफट

Top Deals Inside

झुंझुनूं: करवाचौथ पर पत्नी पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती है, चांद देखकर पूजा करती है और सुखी दांपत्य जीवन की कामना करती है. लेकिन बिसाऊ के वार्ड 13 में रहने वाले चेजारा दंपती के लिए इस पर्व का एक खास मायना है. यहां पत्नी ललिता चेजारा पिछले 17 साल से करवाचौथ पर अपने पति बसंत चेजारा को हेलमेट पहनाकर उनकी सलामती का संकल्प भी दोहराती हैं. उनका कहना है—’मैं तुम्हारी, तो तुम हमारे!’

निर्विरोध पार्षद ललिता और उनके पति बसंत ने शादी के बाद से करवाचौथ को अपनी एक अलग परंपरा से जोड़ रखा है. दोनों इस दिन व्रत रखते हैं, विधि-विधान से पूजा करते हैं और चंद्रमा के दर्शन के बाद ही भोजन ग्रहण करते हैं. इस दौरान एक-दूसरे की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना करते हैं. लेकिन पूजा के साथ जुड़ी हेलमेट पहनाने की रस्म इस पर्व को उनके लिए और भी खास बना देती है.

व्रत के साथ पति की सुरक्षा की चिंता
ललिता हर साल करवाचौथ पर पति बसंत को हेलमेट पहनाती हैं और उन्हें याद दिलाती हैं कि बाइक लेकर घर से निकलें तो हेलमेट पहनना न भूलें. बसंत भी पिछले 17 वर्षों से इस परंपरा को निभाते आ रहे हैं. उनके लिए यह सिर्फ एक रस्म नहीं, बल्कि पत्नी के प्यार और चिंता का अहसास है. ललिता का मानना है कि पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखना अपनी जगह है, लेकिन उनकी सुरक्षा के लिए सावधानी बरतना भी उतना ही जरूरी है. सड़क पर छोटी-सी लापरवाही भी जिंदगी पर भारी पड़ सकती है. ऐसे में हेलमेट पहनने की आदत दुर्घटना के समय सिर में गंभीर चोट के खतरे को कम करने में मदद करती है.

प्रेम के साथ जिम्मेदारी का रिश्ता
चेजारा दंपती की यह परंपरा बताती है कि जीवनसाथी के प्रति प्रेम केवल शब्दों या रस्मों तक सीमित नहीं होता. रोजमर्रा की जिंदगी में एक-दूसरे की फिक्र करना और सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करना भी रिश्ते का अहम हिस्सा है. करवाचौथ पर जहां ललिता अपने पति की लंबी उम्र की कामना करती हैं, वहीं हेलमेट पहनाकर उनकी सुरक्षा का संदेश भी देती हैं. 17 साल से चली आ रही यह छोटी-सी परंपरा अब उनके रिश्ते की खास पहचान बन गई है.



Source link