Last Updated:
Jio Platform Market Cap : जियो प्लेटफॉर्म के शेयरों ने लिस्ट होने के दूसरे दिन भी अपने प्रदर्शन को बरकरार रखा और एक समय 5 फीसदी से ज्यादा की तेजी हासिल की थी. हालांकि, बाजार बंद होने तक प्रदर्शन कल के स्तर पर स्थिर हो गया, लेकिन इससे पहले अपने निवेशकों को लिस्टिंग के ही दिन 27 फीसदी का जबरदस्त रिटर्न दिया था.
जियो प्लेटफॉर्म के शेयरों में दूसरे दिन भी तेजी जारी रही.
नई दिल्ली. पहले आईपीओ और फिर लिस्टिंग पर धमाल मचाने वाले जियो प्लेटफॉर्म के शेयरों ने बाजार में उतरने के दूसरे दिन भी अपना प्रदर्शन बनाए रखा. जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड का शेयर बीएसई और एनएसई पर 5 फीसदी से अधिक चढ़ गया. इस बढ़त के साथ कंपनी का बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) बढ़कर 13.72 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया. बीएसई पर कंपनी का शेयर 5.12 फीसदी की बढ़त के साथ 1,490 रुपये प्रति शेयर पर पहुंच गया. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर शेयर 5.09 फीसदी चढ़कर 1,489.70 रुपये पर कारोबार कर रहा था. हालांकि, ट्रेडिंग बंद होने तक कुल बढ़त 0.14 फीसदी बढ़कर 1.419 रुपये रही थी.
कंपनी के शेयरों में आई इस तेजी की वजह से बीएसई पर कंपनी का बाजार पूंजीकरण 66,903.61 करोड़ रुपये बढ़कर 13,72,145.59 करोड़ रुपये हो गया. कंपनी का शेयर अपने 1,119 रुपये के निर्गम मूल्य से दोनों प्रमुख शेयर बाजार में 33 फीसदी से अधिक ऊपर कारोबार कर रहा है.
शुरुआत ही शानदार रही
जियो प्लेटफॉर्म्स ने 28 अक्टूबर को शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की थी. कंपनी का शेयर निर्गम मूल्य से करीब 27 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ था. इसके साथ ही कंपनी बाजार पूंजीकरण के लिहाज से देश की दूसरी सबसे वैल्यू वाली लिस्टेड कंपनी बन गई थी. कंपनी का शेयर बीएसई और एनएसई पर 1,358 रुपये पर लिस्ट हुआ था. इसके बाद भी तेजी जारी रही और बीएसई पर शेयर 26.66 फीसदी की बढ़त के साथ 1,417.35 रुपये पर बंद हुआ था. कारोबार के दौरान इस स्टॉक ने 1,423.80 रुपये का हाई लेवल भी छुआ था.
आज पहुंचा रिकॉर्ड लेवल तक
एनएसई पर जियो प्लेटफॉर्म के शेयर 26.67 फीसदी चढ़कर 1,417.50 रुपये पर बंद हुए. कारोबार के दौरान इसने 1,423.90 रुपये का हाई लेवल हासिल किया था. एक दिन पहले बाजार बंद होने तक जियो प्लेटफॉर्म्स का बाजार पूंजीकरण 13 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया था. कंपनी बाजार मूल्यांकन के मामले में रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाद दूसरे स्थान पर रही. रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 15.92 लाख करोड़ रुपये है. जियो प्लेटफॉर्म्स ने बाजार पूंजीकरण के लिहाज से भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक को पीछे छोड़ दिया है.
कंपनी के आईपीओ में जमकर आया था पैसा
जियो प्लेटफॉर्म्स का 30,213 करोड़ रुपये का आईपीओ 22.19 गुना सब्सक्राइब हुआ था. आईपीओ और एंकर निवेशकों ने कुल 7 लाख करोड़ रुपये से अधिक की डिमांड की थी. आईपीओ पूरी तरह से फ्रेश 27 करोड़ नए शेयरों के लिए जारी किया गया था. आईपीओ से पहले कंपनी ने 19 अक्टूबर को 212 एंकर निवेशकों से करीब 8,110 करोड़ रुपये जुटाए थे. इन निवेशकों को 1,119 रुपये प्रति शेयर के भाव पर शेयर आवंटित किए गए थे, जो मूल्य दायरे का ऊपरी स्तर था. आईपीओ 21 अक्टूबर को खुला था और पहले ही दिन करीब 100 मिनट के भीतर ही पूरा सब्सक्राइब हो गया था. रिलायंस इंडस्ट्रीज की जियो प्लेटफॉर्म्स में 66.4 फीसदी हिस्सेदारी है.