Uttarakhand Weather Update : उत्तराखंड में केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और औली में अच्‍छी खासी बर्फबारी, देहरादून से लेकर कई जगह बारिश, मौसम हुआ भयंकर ठंडा

Uttarakhand Weather Update : उत्तराखंड में केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और औली में अच्‍छी खासी बर्फबारी, देहरादून से लेकर कई जगह बारिश, मौसम हुआ भयंकर ठंडा


Last Updated:

Uttarakhand Weather – Snowfall Update : उत्तराखंड में केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और औली में बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है. देहरादून समेत निचले इलाकों में बारिश जारी है. जानें चारधाम पहुंच रहे श्रद्धालुओं के लिए पुलिस और प्रशासन ने क्या सलाह दी है.

Zoom

पहाड़ों पर बर्फबारी से लौटी कड़ाके की ठंड. (फाइल फोटो)

रुद्रप्रयाग/उत्तरकाशी/देहरादून : उत्तराखंड में गुरुवार की सुबह से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश जारी है. इससे पूरा प्रदेश ठंड की चपेट में आ गया है. केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, औली समेत अनेक जगहों पर बर्फबारी दर्ज की गई है, जबकि बदरीनाथ के आसपास की ऊंची पहाड़ियों जैसे नीलकंठ पर्वत और नर-नारायण पर्वतों पर बर्फबारी होने की सूचना है. पहाड़ों पर हुई भारी बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में काफी ठंड हो गई है.

बदरीनाथ धाम में भी बर्फ गिरने की संभावना जताई गई है. रुद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ धाम में सुबह से बर्फबारी हो रही है, जिसके चलते तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ गई. बदलते मौसम को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस और प्रशासनिक टीम को तैनात किया गया है और उनके द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं.

रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा केदारनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं से मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने तथा अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की गयी है.

जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के लिए एक परामर्श जारी किया गया है जिसमें उनसे ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने, समय-समय पर गर्म पेय पदार्थों का सेवन करने, ठंड में अधिक समय तक न रुकने, अस्वस्थ महसूस करने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने, बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने, प्रतिकूल मौसम में अनावश्यक जोखिम न उठाने तथा प्रशासन द्वारा जारी मौसम संबंधी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गयी है.

गंगोत्री धाम में तेज बर्फबारी के कारण चारों तरफ बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है. हालांकि, बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन और आशीर्वाद के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं .

गंगोत्री मंदिर के पुरोहित रवींद्र सेमवाल ने बताया कि यदि मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहा, तो शाम तक धाम में काफी मात्रा में बर्फ जम जाएगी. उन्होंने बताया कि मां गंगा के दर्शन के साथ ही इस मनमोहक और खूबसूरत मौसम का लुत्फ उठाने के लिए देश-विदेश से लगातार श्रद्धालुओं का गंगोत्री पहुंचना जारी है. प्रदेश के अधिकांश निचले स्थानों पर बारिश हो रही है. देहरादून में सुबह से लगातार बारिश हो रही है जिससे ठंड बढ़ गई है.



Source link