Last Updated:
Dumka News: दुमका में दिल दहलाने वाला सड़क हादसा हुआ. एक शख्स ट्रक वाले को रास्ता बता रहे थे. तभी दूसरी तरफ से आए ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई. यह घटना तब हुई जब वह परिवार के साथ मेला घूमकर वापस लौट रहे थे. पुलिस मामले की जांच में जुटी.
दुमका सड़क हादसे में युवक की मौत.
दुमकाः झारखंड के दुमका में दर्दनाक हादसा हो गया. एक शख्स ट्रकवाले को रास्ता बता रहे थे. वह खड़े होकर जैसे ही रास्ता बताने लगे. तभी तेज रफ्तार से दूसरा ट्रक आया और कुचल दिया. उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. पास ही खड़ी हुई पत्नी और बेटी की आंखों के सामने यह खौफनाक घटना घटी. मृतक बाबूजुन हेंब्रम परिवार के साथ मेला देखकर लौट रहे थे.
रास्ता पूछने के लिए रुका था ट्रक चालक
यह हादसा दुमका-जामताड़ा मुख्य सड़क पर जामा थाना क्षेत्र के निश्चितपुर के पास हुआ. घटना गुरुवार तड़के सुबह करीब चार बजे की है. दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय बाबूजुन हेंब्रम की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, बाबूजुन हेंब्रम अपनी पत्नी और बेटी के साथ गोलबंधा में मेला देखकर घर लौट रहे थे. अहले सुबह करीब चार बजे वे जामा थाना क्षेत्र के निश्चितपुर के पास पहुंचे. इसी दौरान एक ट्रक चालक रास्ता पूछने के लिए रुका. बाबूजुन चालक को रास्ता बताने के लिए आगे गए. इसी बीच विपरीत दिशा से आ रहे दूसरे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया.
पत्नी-बेटी के सामने उजड़ गया परिवार
जिस समय बाबूजुन ट्रक चालक को रास्ता बता रहे थे, उस समय उनकी पत्नी और बेटी भी वहां मौजूद थीं. देखते ही देखते खुशियों के साथ मेला देखकर घर लौट रहा परिवार मातम में डूब गया. जिस व्यक्ति के साथ परिवार मेला देखकर लौट रहा था, वह अचानक हमेशा के लिए बिछड़ गया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
दिहाड़ी मजदूरी कर चलाते थे परिवार
मृतक बाबूजुन हेंब्रम हेमतपुर गांव के रहने वाले थे. वह दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिवार के सामने अब रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है. घटना की सूचना मिलने पर जामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए दुमका स्थित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PJMCH) भेज दिया. हादसे के संबंध में आगे की जानकारी पुलिस की जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी.