. खाने में कीड़े मिलने का दावा कर फंसे गुरुजी, एक पोस्ट ने करा दी गिरफ्तारी
Last Updated:
केरल के कोझिकोड में राज्य खेल प्रतियोगिता के दौरान खाने में कीड़े मिलने का दावा करने वाले शिक्षक जिजो जेम्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट शेयर की थी. जांच में यह दावा झूठा पाया गया. आखिर क्या है पूरा मामला?
खाने के दावे पर शिक्षक गिरफ्तार
कोझिकोड: सोचिए, एक खेल प्रतियोगिता चल रही हो और अचानक वहां परोसे जा रहे खाने में कीड़े मिलने की खबर फैल जाए, तो क्या होगा? केरल में भी कुछ ऐसा ही हुआ. एक शिक्षक ने फेसबुक पर पोस्ट कर दावा किया कि प्रतियोगिता में बच्चों को दिए गए खाने में कीड़े मिले हैं. इसके बाद हंगामा मच गया. लेकिन जब जांच हुई, तो दावा झूठा निकला. फिर पुलिस ने शिक्षक को ही गिरफ्तार कर लिया. आखिर इस पूरे मामले में क्या-क्या हुआ? चलिए, जानते हैं.
कौन हैं गिरफ्तार शिक्षक जिजो जेम्स?
गिरफ्तार शिक्षक की पहचान जिजो जेम्स के रूप में हुई है. वह एर्णाकुलम जिले के एक व्यावसायिक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत हैं. राज्य खेल प्रतियोगिता का आयोजन कोझिकोड स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) के मैदान में किया जा रहा है. इसमें सामान्य शिक्षा विभाग के अधीन आने वाले विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं.
जांच में झूठा निकला दावा
पुलिस के अनुसार, जेम्स ने बुधवार को आरोप लगाया था कि प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों को परोसे गए भोजन में कीड़े मिले हैं. उन्होंने इस कथित अनियमितता के संबंध में फेसबुक पर एक पोस्ट भी साझा की थी. अधिकारियों के मुताबिक, इस पोस्ट के बाद छात्र संगठन स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने विरोध मार्च निकाला. आरोप सामने आने के बाद आयोजकों ने मामले की जांच की. पुलिस के अनुसार, जांच में भोजन में कीड़े मिलने का दावा झूठा पाया गया.
पुलिस ने दर्ज किया केस
खेल प्रतियोगिता के संयोजक पी. के. अरविंदन की शिकायत के आधार पर कुन्नमंगलम पुलिस ने बृहस्पतिवार को जेम्स के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की दंगा भड़काने के इरादे से उकसावा देने से संबंधित धारा के तहत मामला दर्ज किया.
अधिकारियों ने बताया कि जेम्स ने शाम तक सोशल मीडिया से अपनी पोस्ट हटा दी थी. कुन्नमंगलम पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, मामला जमानती धारा के तहत दर्ज किया गया है, इसलिए शिक्षक को जमानत पर रिहा कर दिया जाएगा. मामले की जांच जारी है.