शिमला. हिमाचल प्रदेश में करवाचौथ के दिन मौसम बदला है. चक्रवाती तूफान अर्नब का असर भी प्रदेश के मौसम पर हुआ है. 29 अक्तूबर की सुबह सुबह प्रदेश कई कई इलाकों में बारिश हुई है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की ताजा हिमपात हुआ है. मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए येलो अलर्ट जार किया है.
जानकारी के अनुसार, शिमला शहर, मंडी के धर्मपुर समेत कई इलाकों में गुरुवार सुबह हल्की बारिश हुई है और ठंड बढ़ी है. लाहौल स्पीति में भी ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी, जबकि मैदानी इलाकों में बूंदाबांदी हुई है.
शिमला में मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार सुबह अपडेट जारी करते हुए बताया कि बीते 12 घंटे में सिरमौर के पांवटा साहिब में 4 एमएम बारिश दर्ज की गई है. इसके अलावा, कांगड़ा में 1.8, शिमला 0.3, कुफरी 0.3, कोटखाई 0.3, भुंतर 0.2, भरमौर में भी हल्की बारिश हुई है. उधऱ, सुंदर नगर और जुब्बड़ हट्टी समेत अन्य कुछ इलाकों में आंधी भी चली है. मौसम में बदलाव के चलते प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है.
शिमला में मौसम वैज्ञानिक शोभित कटियार ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से मौसम बदल रहा हैदेखने को मिलेंगी। यह तूफान आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ रहा है और उत्तर-पश्चिम दिशा में ओडिशा तथा छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है. इसके प्रभाव से हिमाचल प्रदेश में भी मौसम बदला है. निचले मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस, जबकि मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 18 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है.
पांच जिलों में गरज के साथ तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 29 और 30 अक्टूबर को सिरमौर, सोलन, शिमला, कुल्लू और मंडी जिलों के कुछ क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है. इसे देखते हुए संबंधित जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
1 नवंबर से फिर खिलेगी धूप
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि 30 अक्टूबर तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. इसके बाद 31 अक्टूबर को बारिश की गतिविधियां समाप्त होने की संभावना हैय वहीं, 1 नवंबर से प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में फिर से धूप खिलने और तापमान में बढ़ोतरी होने का अनुमान है. बुधवार को ऊना में सबसे अधिक 32 डिग्री पारा दर्ज किया गया. जबकि गुरुवार को कुकुमसेरी में सबसे कम माइनस 1.2 डिग्री न्यूनतम पारा दर्ज किया गया.