Last Updated:
Bihar MLC Chunav Winner List: बिहार में एमएलसी चुनाव का रिजल्ट आ गया. मतगणना के बाद तस्वीर साफ हो गई. आठ सीटों में से चार पर एनडीए के कैंडिडेट ने जीत दर्ज की. जबकि दो सीटों पर निर्दलीय बाजी मार ले गए. प्रशांत किशोर की जनसुराज का भी खाता खुल गया. पार्टी के हिस्से एक सीट आई है. जबकि राजद भी एक ही सीट पर सिमट गई. नीचे देखें विनर्स की पूरी लिस्ट.
बिहार एमएलसी चुनाव रिजल्ट. (सांकेतिक तस्वीर AI से बनाई गई.)
पटनाः बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर हुए चुनाव की मतगणना के बाद सियासी तस्वीर साफ हो गई. शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के नतीजों में कई सीटों पर नए चेहरे जीते, तो कुछ मौजूदा विधान पार्षदों ने अपनी सीट बरकरार रखी. पटना शिक्षक सीट पर आरजेडी के डॉ. संजीव सिंह ने बीजेपी के नवल किशोर यादव को हराकर बड़ा उलटफेर किया. वहीं, जन सुराज ने दरभंगा शिक्षक सीट पर जीत दर्ज की. सारण शिक्षक सीट पर बीजेपी के बागी निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज ने बाजी मारी.
Bihar MLC Election Result 2026: आठ सीटों के विजेताओं की लिस्ट
बिहार विधान परिषद की इन सीटों पर चार शिक्षक और चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए चुनाव हुआ था. नीचे देखें किस सीट पर किस उम्मीदवार को जीत मिली.
| क्रम | निर्वाचन क्षेत्र | विजेता | पार्टी |
| 1 | पटना शिक्षक | डॉ. संजीव सिंह | आरजेडी |
| 2 | पटना स्नातक | नीरज कुमार | जेडीयू |
| 3 | दरभंगा शिक्षक | डॉ. सुरेश प्रसाद राय | जन सुराज |
| 4 | दरभंगा स्नातक | सर्वेश कुमार | बीजेपी |
| 5 | तिरहुत शिक्षक | नरेंद्र प्रसाद सिंह | बीजेपी |
| 6 | तिरहुत स्नातक | बंशीधर ब्रजवासी | निर्दलीय |
| 7 | कोसी स्नातक | डॉ. एनके यादव | बीजेपी |
| 8 | सारण शिक्षक | राहुल राज | निर्दलीय |
पटना शिक्षक सीट पर नवल किशोर यादव की हार
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का नतीजा सबसे ज्यादा चर्चा में रहा. यहां आरजेडी के डॉ. संजीव सिंह ने बीजेपी के नवल किशोर यादव को हराया. नवल किशोर यादव लंबे समय से इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे. उनकी हार को इस चुनाव का बड़ा उलटफेर माना जा रहा है. पटना स्नातक सीट पर जेडीयू के नीरज कुमार ने जीत दर्ज की. वह पहले भी इस सीट से विधान पार्षद थे और उन्होंने अपनी सीट बरकरार रखी.
दरभंगा और तिरहुत में भी बदले समीकरण
दरभंगा शिक्षक सीट पर जन सुराज के डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने जीत दर्ज की. इस सीट पर पहले कांग्रेस के मदन मोहन झा विधान पार्षद थे. वहीं, दरभंगा स्नातक सीट पर बीजेपी के सर्वेश कुमार ने जीत हासिल की. तिरहुत शिक्षक सीट पर बीजेपी के नरेंद्र प्रसाद सिंह विजयी रहे. उन्होंने पहले के विधान पार्षद संजय कुमार सिंह की जगह ली. तिरहुत स्नातक सीट पर निर्दलीय बंशीधर ब्रजवासी ने जीत दर्ज कर अपनी सीट बरकरार रखी.
कोसी और सारण में भी नतीजे अहम
कोसी स्नातक सीट पर बीजेपी के डॉ. एनके यादव ने जीत हासिल की. वहीं, सारण शिक्षक सीट पर बीजेपी से टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय चुनाव लड़ रहे राहुल राज ने बाजी मारी. इस सीट पर पहले निर्दलीय अफाक अहमद विधान पार्षद थे, जो इस बार जन सुराज के उम्मीदवार थे.