Last Updated:
Arnab Cyclone In Bihar: अर्नब तूफान से बिहार पानी-पानी हो गया. यहां कई जिलों में मूसलाधार बारिश हो रही है. जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. अचानक बदले मौसम की वजह से ठंड भी बढ़ गई है. साथ ही बारिश का फसलों पर बुरा असर पड़ेगा.
बिहार में अर्नब चक्रवात का असर. (प्रतीकात्मक तस्वीर)
पटनाः बिहार में चक्रवात अर्नब का असर कई जिलों में दिखाई दिया. भागलपुर, नवादा, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, सासाराम, पूर्वी चंपारण और भोजपुर में मौसम बदल गया. कई जगह रात से ही रुक-रुककर बारिश हो रही है. आसमान में घने काले बादल छाए हैं. सुबह के समय भी कई इलाकों में अंधेरा जैसा माहौल बना हुआ है. तापमान में गिरावट से लोगों को ठंड का एहसास होने लगा. मौसम में अचानक आए बदलाव का असर रोजमर्रा के कामकाज पर भी पड़ रहा है. साथ ही फसलों पर भी खतरा मंडरा रहा है.
भागलपुर से भोजपुर तक बारिश
भागलपुर में देर रात से मौसम बदला हुआ है. सुबह से आसमान में काले बादल छाए हैं और कई इलाकों में बूंदाबांदी हो रही है. इससे काम पर जाने वाले लोगों और स्कूली बच्चों को परेशानी हो रही है. नवादा में भी रात से हल्की बारिश जारी है. यहां ठंडी हवा और धूप नहीं निकलने से मौसम सर्द हो गया. मुजफ्फरपुर में बुधवार शाम से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है. बारिश के साथ तापमान गिरने से ठंड बढ़ गई है. सासाराम में भी रात से रिमझिम बारिश हो रही है. यहां तापमान 22 डिग्री से नीचे जाने की बात कही गई है. गोपालगंज और पूर्वी चंपारण में भी बारिश और ठंड का असर दिख रहा है. वहीं, भोजपुर में सुबह से बारिश होने से जनजीवन प्रभावित हुआ है. अचानक बदले मौसम के बीच किसानों को धान की फसल को नुकसान होने की चिंता सता रही है.
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बिहार के कई हिस्सों में 28 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच मौसम खराब रहने की आशंका जताई गई थी. गोपालगंज और पूर्वी चंपारण में भारी बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी होने की जानकारी दी गई है. भोजपुर में भी अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश और तेज हवा की आशंका जताई गई है. खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित जगह पर रहने की अपील की गई है.