Last Updated:
Sirohi Mount Abu Bear Leopard Viral Video: सिरोही जिले के आबू राज इलाके में रात के समय जंगल की पगडंडी पर भालू और तेंदुए का दुर्लभ आमना-सामना देखने को मिला. रास्ते में घूम रहे भालू को जब दीवार पर बैठे तेंदुए की मौजूदगी का अहसास हुआ, तो वह तुरंत अटैक मोड में आ गया और तेंदुए पर लपका. तेंदुआ डरकर दीवार पर ही दुबका रहा. भालू के गुर्राने के बाद वहां से जाने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
Sirohi Leopard Bear Video: सिरोही के जंगल में भालू और तेंदुए का हुआ आमना-सामना, देखें वायरल वीडियो
सिरोही: राजस्थान के सिरोही जिले में स्थित माउंट आबू के वन्यजीव अभयारण्य और आसपास के वन क्षेत्रों से रात के समय का एक दुर्लभ दृश्य सामने आया है. जंगल की पगडंडी पर रात के सन्नाटे में एक भालू (स्लॉथ बियर) और तेंदुए (लेपर्ड) का आमना-सामना हो गया. इस दौरान भालू ने आक्रामक रुख अपनाते हुए तेंदुए पर हमले का प्रयास किया. वन्यजीवों के इस रोमांचक और दुर्लभ टकराव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे प्रकृति और वन्यजीव प्रेमियों द्वारा खूब देखा जा रहा है.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि आबू राज एरिया की एक पगडंडी पर रात के वक्त एक भालू अकेला घूमता हुआ नजर आ रहा है. गाड़ियों की रोशनी और लाइट पड़ने से वह थोड़ी देर के लिए सहमा हुआ महसूस करता है. इसी बीच पगडंडी के बायीं तरफ स्थित एक पत्थर की दीवार पर पहले से ही एक तेंदुआ घात लगाकर बैठा हुआ दिखाई देता है. जैसे ही भालू को अपने पास तेंदुए की मौजूदगी का अहसास होता है, वह बिना डरे तुरंत आक्रामक यानी अटैक मोड में आ जाता है और तेजी से उछलकर तेंदुए की ओर लपकता है.
दीवार पर ही दुबक कर बैठा रहा तेंदुआ, भालू गुर्राते हुए आगे बढ़ा
भालू के अचानक और आक्रामक रुख को देखते हुए तेंदुए ने पलटवार या हमला करने के बजाय रक्षात्मक रवैया अपनाया. तेंदुआ पत्थर की दीवार पर ही दुबक कर चुपचाप बैठा रहा. भालू कुछ देर तक वहीं खड़े होकर तेंदुए की तरफ देखता रहा और तेज आवाज में गुर्राता रहा. जब तेंदुए की तरफ से कोई हलचल नहीं हुई, तो भालू धीरे-धीरे अपनी राह आगे बढ़ गया. इस पूरी घटना को वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने अपने कैमरे में कैद कर लिया.
आबू पर्वत क्षेत्र में स्लॉथ बियर और तेंदुए का सह-अस्तित्व
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, माउंट आबू और सिरोही के इस पहाड़ी वन क्षेत्र में स्लॉथ बियर (भालू) और लेपर्ड (तेंदुए) की अच्छी खासी आबादी पाई जाती है. ये दोनों ही जानवर अपनी क्षेत्रीय सीमा (टेरिटरी) और भोजन की तलाश में रात के समय विचरण करते हैं. ऐसे में पगडंडियों या जंगलों में इनका आमना-सामना होना एक प्राकृतिक प्रक्रिया है. हालांकि भालू स्वभाव से अपने बचाव के लिए बेहद आक्रामक हो जाता है, जिससे बड़े शिकारी जैसे तेंदुआ भी अक्सर उससे सीधे टकराव से बचते नजर आते हैं.