गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत हल्की बढ़त के साथ हुई. पिछले कारोबारी सेशन में निफ्टी को 22,800 के स्तर के पार टिकने में मुश्किल हुई थी. हालांकि, निचले लेवल पर खरीदारी से बाजार को सहारा मिल रहा है. ऐसे में निवेशकों की नजर आज निफ्टी के अहम सपोर्ट लेवल और आईटी शेयरों की चाल पर रहेगी.
October 29, 202609:18 IST
शेयर बाजार की हरे निशान में शुरुआत
शेयर बाजार की शुरुआत हरे निशान में हुई. निफ्टी 22,721.60 अंक पर पहुंच गया. इसमें 23.15 अंक यानी 0.10% की बढ़त दर्ज की गई. वहीं, सेंसेक्स 92.89 अंक यानी 0.13% चढ़कर 73,338.92 अंक पर पहुंच गया.
October 29, 202608:50 IST
Jio Platforms IPO पर क्या बोले एक्सपर्ट?
डॉ. रवि सिंह, चीफ रिसर्च ऑफिसर, मास्टर कैपिटल सर्विसेज लिमिटेड के मुताबिक, Jio Platforms ने शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की है. कंपनी का शेयर ₹1,119 के इश्यू प्राइस के मुकाबले ₹1,358 पर लिस्ट हुआ, जिससे निवेशकों को 21.36% का लिस्टिंग गेन मिला. कंपनी का कारोबार टेलीकॉम, डिजिटल एंटरटेनमेंट, क्लाउड सर्विसेज, साइबर सिक्योरिटी और AI जैसे क्षेत्रों में फैला है. भारत में डिजिटल सेवाओं की बढ़ती मांग कंपनी के लिए आगे विकास के अवसर पैदा कर सकती है.
डॉ. रवि सिंह का मानना है कि लंबी अवधि में निवेशकों को सिर्फ लिस्टिंग गेन पर ध्यान देने के बजाय कंपनी के कारोबारी प्रदर्शन पर नजर रखनी चाहिए. इसमें रेवेन्यू ग्रोथ, EBITDA मार्जिन, प्रति यूजर औसत कमाई (ARPU) और कैश फ्लो जैसे अहम संकेतक शामिल हैं. इसके अलावा, कंपनी अपने टेलीकॉम और डिजिटल कारोबार का विस्तार कितनी प्रभावी तरीके से करती है और मुनाफे में कितना सुधार लाती है, यह भी महत्वपूर्ण होगा.
October 29, 202608:31 IST
अमेरिकी शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद
अमेरिकी शेयर बाजार में बुधवार को तेजी देखने को मिली. S&P 500 इंडेक्स 0.28% की बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि डाउ जोन्स में 0.19% की तेजी दर्ज की गई. अमेरिकी बाजारों की इस बढ़त के बीच निवेशकों की नजर फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों से जुड़े फैसले और कंपनियों के तिमाही नतीजों पर बनी हुई है. इसका असर आज भारतीय शेयर बाजार के रुख पर भी पड़ सकता है.
October 29, 202608:28 IST
एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार, MSCI इंडेक्स में गिरावट
गुरुवार को एशियाई शेयर बाजारों में मिला-जुला रुख देखने को मिला. निक्केई 225 फ्यूचर्स में 0.1% की बढ़त दर्ज की गई, जबकि हॉन्गकॉन्ग का हैंग सेंग लगभग सपाट रहा. वहीं, शंघाई कंपोजिट 0.9% चढ़ा. दूसरी ओर, MSCI एशिया-पैसिफिक इंडेक्स 0.1% गिर गया और पहले की बढ़त गंवा दी. अमेरिकी टेक कंपनियों के कमजोर नतीजों के बाद निवेशकों की चिंता बढ़ी है, जिसका असर एशियाई बाजारों के कारोबार पर भी दिख रहा है.
October 29, 202608:27 IST
गिफ्ट निफ्टी में सुस्ती, शेयर बाजार की धीमी शुरुआत के संकेत
गिफ्ट निफ्टी में कारोबार लगभग सपाट रहने से गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत सुस्त रहने के संकेत मिल रहे हैं. इस बीच, कच्चे तेल की कीमतों में थोड़ी नरमी आई है और ब्रेंट क्रूड 115 डॉलर प्रति बैरल के नीचे कारोबार कर रहा है.